इंडियनऑयल नई दिल्ली 2025 पैरा विश्व एथलेटिक्स: काशफाली ने रचा नया विश्व रिकॉर्ड

युगवार्ता    28-Sep-2025
Total Views |

नई दिल्ली, 28 सितम्बर (हि.स.)। नॉर्वे के सलुम एजेज काशफाली ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जारी इंडियनऑयल नई दिल्ली 2025 पैरा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 100 मीटर टी12 फाइनल में 10.42 सेकंड का समय निकालकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 2021 में बनाए अपने ही 10.43 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ा। घुटने की चोट से उबरने के बाद उनकी यह उपलब्धि और भी खास मानी जा रही है।

रविवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में स्विट्जरलैंड के दिग्गज मार्सेल हग ने पुरुषों की 5000 मीटर टी54 में 10:03.64 मिनट का नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया। वहीं, ग्रेट ब्रिटेन की हन्ना कॉक्रॉफ्ट ने महिलाओं की 400 मीटर टी34 रेस में 55.62 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता और अपना ही मीट रिकॉर्ड तोड़ा।

अमेरिका के जादिन ब्लैकवेल ने पुरुषों की 100 मीटर टी38 में 10.70 सेकंड के साथ नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण हासिल किया। आयरलैंड की ओरला कॉमरफोर्ड ने महिलाओं की 100 मीटर टी13 रेस में 11.88 सेकंड में स्वर्ण जीतकर नया रिकॉर्ड रचा।

ब्राज़ील के रिकार्डो गोम्स डी मेंडोंका ने पुरुषों की 100 मीटर टी37 में 11.16 सेकंड का समय निकालकर चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया।

कुल मिलाकर, रविवार का दिन नए कीर्तिमानों और रोमांचक मुकाबलों के नाम रहा, जिसने पैरा विश्व एथलेटिक्स में दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags