(संशोधित) मुख्य न्यायाधीश गवई की मां होंगी संघ समारोह की मुख्य अतिथि

युगवार्ता    28-Sep-2025
Total Views |
डॉ कमल गवई


जे. नंदकुमार होंगे कार्यक्रम के मुख्य वक्ता

अमरावती, 28 सितंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की माताजी डॉ. कमलताई रा. गवई अमरावती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जे. नंदकुमार कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे। डॉ. कमलताई गवई अमरावती के प्रतिष्ठित श्री दादासाहेब गवई ट्रस्ट की अध्यक्ष भी हैं।

इस बारे में जानकारी साझा करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विदर्भ प्रांत के प्रचार प्रमुख ने बताया कि संघ इस वर्ष शताब्दी समारोह वर्ष की शुरुआत कर रहा है। 02 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नागपुर के रेशिमबाग में आयोजित समारोह में देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जबकि इसी कड़ी में 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के अमरावती में भी विजयदशमी कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य अतिथि भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण आर. गवई की मां डॉ. कमलताई गवई होंगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जे.नंदकुमार मुख्य वक्ता होंगे। यह कार्यक्रम अमरावती शहर के किरण नगर स्थित श्रीमती नरसम्मा महाविद्यालय मैदान में आयोजित होगा।

गवई परिवार के सदस्यों के अनुसार डॉ. कमलताई गवई को संघ की ओर से आधिकारिक निमंत्रण प्राप्त हुआ है। उन्होंने विजयादशमी उत्सव में शामिल होने की मौखिक स्वीकृति प्रदान की है।

--------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार

Tags