हॉकी इंडिया ने सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए 33 सदस्यीय कोर ग्रुप का किया ऐलान

युगवार्ता    29-Sep-2025
Total Views |
भारतीय पुरुष हॉकी टीम


- कैम्प 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक साई बेंगलुरु में होगा

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए 33 सदस्यीय कोर संभावित समूह की घोषणा की। यह कैम्प 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक बेंगलुरु के स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) सेंटर में आयोजित होगा।

यह कैम्प भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है, क्योंकि टीम आगामी दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की तैयारी कर रही है। इनमें से 31वां सुल्तान अज्लान शाह कप 22 से 29 नवंबर तक इपो, मलेशिया में खेला जाएगा और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका का उच्च-तीव्रता वाला दौरा होगा। टीम ने हाल ही में राजगीर में हुए हीरो मेन्स हॉकी एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया, जहां भारत ने ट्रॉफी जीती और FIH हॉकी मेन्स वर्ल्ड कप 2026 के लिए सीधे क्वालीफाई किया। अब टीम का ध्यान इस जीत के उत्साह को बनाए रखते हुए रणनीतिक तैयारी, कमजोर क्षेत्रों को सुधारने और टीम में और गहराई लाने पर है।

कैम्प से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “एशिया कप जीतना और वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर था, लेकिन यह तो सिर्फ शुरुआत है। खिलाड़ी नए उत्साह के साथ वापस आए हैं। अब हमारा ध्यान सुल्तान अज्लान शाह टूर्नामेंट की रणनीतिक तैयारी पर है, जो दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले एक महत्वपूर्ण टेस्ट साबित होगा। सफलता सिर्फ परिणाम नहीं है, बल्कि यह है कि हम टीम के रूप में कैसे सीखते, अनुकूलित होते और आगे बढ़ते हैं।”

33 सदस्यीय कोर ग्रुप सूची:

गोलकीपर: कृष्ण बी पाठक, सुरज करकेरा, पवन, मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार।

डिफेंडर: संजय, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुमित, निलम संजीप एक्स, जरमनप्रीत सिंह, पूवन चंद्र बॉबी, यशदीप सिवाच, अमनदीप लाकड़ा, वरुण कुमार।

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह, मोइरांगथेम रबीचंद्र सिंह, विष्णु कांत सिंह, निलकांत शर्मा, मोहम्मद राहिल मूसिन, मनिंदर सिंह।

फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, सेल्वम कार्थी, शिलानंद लाकड़ा, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अंगद बीर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags