मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मप्र के विकास के कारवां को बढ़ा रहें आगे : शिवराज सिंह चौहान

युगवार्ता    17-Jan-2026
Total Views |
विदिशा में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण


भोपाल, 17 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र का विकास ही मेरा लक्ष्य है। मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करने की हर संभव कोशिश की है। विकास के कारवां को अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे बढ़ा रहे हैं।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान शनिवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के विदिशा में आयोजित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए विदिशा में 4400 हजार करोड़ रुपये की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी विकास का दूसरा नाम हैं। विदिशा को आज 4400 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। अब विदिशा बदल रहा है, अब इसे एक रिंग रोड की आवश्यकता है। जब किसी शहर में रोड बनता है तो जमीन की कीमत बढ़ती है। शहर के विकास के साथ उद्योगों का विकास होता है। अब मध्य प्रदेश का गेहूं और बासमती चावल अमेरिका और कनाडा तक धूम मचा रहा है। कोटा-भोपाल-विदिशा-सागर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के बनने से लोगों का समय बचेगा। इससे विदिशा-सागर क्षेत्र के लिए नया अध्याय शुरू हो जाएगा। शहरों के आसपास से निकलने वाली सड़कों को भी दशा और दिशा सुधारने की आवश्यकता है। विदिशा बस स्टैंड के उन्नयन की आवश्यकता है। अगर नागपुर से ग्वालियर तक नया राष्ट्रीय राजमार्ग बने, तो मध्यप्रदेश की सूरत ही बदल जाएगी। प्रदेश में नदी जोड़ो परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है, ऐसे में अगर नर्मदा को बेतवा से लिंक कर दिया जाए, तो एक बड़ा काम पूरा हो जाएगा।

रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज, सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कराएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज का आशीर्वाद भी मिला है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की अनेक सौगातें मिल रही हैं। विदिशा की धरती में अद्भुत आकर्षण है। यह उज्जैन के समान पावन धरती है। हर काल में यहां के वीरों ने अपनी अलग पहचान बनाई। सम्राट अशोक के कार्यकाल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मध्य प्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्रीय मंत्री गड़करी अपने प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में पहाड़ के बीच से रोड निकल रहा है। देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के तरह-तरह के काम जारी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है। विकास के मामले में हम कोई कमी नहीं रहने देंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी से आत्मीयतापूर्वक मांग करते हुए कहा कि आगरा-ग्वालियर-भोपाल-नागपुर तक 500 किलोमीटर से अधिक दूरी का एक नया नेशनल हाईवे (ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे) बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए की मांग केंद्रीय मंत्री गडकरी से की, जिसे केंद्रीय मंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा, इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कर दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को मिलीं 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं यहां क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आवागमन की सुगमता और आर्थिक प्रगति को एक नई गति प्रदान करेंगी। मध्यप्रदेश देश के मध्य में है, इसलिए केंद्र सरकार को किसी भी राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्य प्रदेश की धरती पर आना ही पड़ेगा। मध्य प्रदेश देश का हृदय प्रदेश है, इसके विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया केंद्र सरकार के सहयोग से हम मध्य प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाकर रहेंगे। कार्यक्रम को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने भी संबोधित किया।

मध्य प्रदेश को मिली ये भी सौगातें

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने विदिशा में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की लंबाई 181 किलोमीटर है, जो मध्य भारत एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगी और प्रदेश के सड़क एवं परिवहन अवसंरचना विकास की दिशा में एक ओर ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भोपाल–विदिशा–सागर–राहतगढ़–ब्यावरा सहित प्रमुख औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन मार्गों पर यातायात सुगम होगा। ये केंद्र सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार विकसित करने तथा युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भोपाल-विदिशा खंड, विदिशा-ग्यारसपुर खंड, ग्यारसपुर-राहतगढ़ खंड के 4 लेन चौड़ीकरण से कनेक्टिविटी मजबूत और लॉजिस्टिक गतिविधियाँ सशक्त होंगी। सागर वेस्टर्न बॉयपास (ग्रीनफील्ड) 4 लेन निर्माण से शहरी ट्रैफिक दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ेगी।

तीन ड्राइविंग प्रशिक्षण सेंटर की रखी आधारशिला

विदिशा में एक और सागर में दो ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का भूमि-पूजन किया गया। विदिशा में 2 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से डीटीसी का शिलान्यास किया गया। इससे ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता और एक्सीडेंट में कमी लाने में मदद मिलेगी।

477 करोड़ की लागत से 39 किमी लंबी 2 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान 417 करोड़ से अधिक की लागत से रातापानी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में ओबेदुल्लागंज-इटारसी सेक्शन में 4 लेन सड़क का लोकार्पण भी किया गया। इससे बैतूल से नागपुर तक सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक सुचारू होगा, ईंधन बचेगा और प्रदूषण कम होगा, हादसों में कमी आएगी, मानव-वन्यजीव संघर्ष घटेगा, और ट्रैफिक सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण होगा। 59 करोड़ से अधिक की लागत से देहगांव से बम्होरी के 27 किमी लंबे मार्ग के लोकार्पण से किसानों और आमजन को सहज आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags