इंडोनेशिया मास्टर्स 2026: सिंधु और श्रीकांत दूसरे दौर में पहुंचे

युगवार्ता    21-Jan-2026
Total Views |
पीवी सिंधु


जकार्ता, 21 जनवरी (हि.स.)। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

महिला एकल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधु ने जापान की मनामी सुइजू को 53 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 22-20, 21-18 से हराया। सिंधु ने अहम मौकों पर संयम दिखाते हुए सीधे गेम में जीत दर्ज की।

पुरुष एकल में विश्व रैंकिंग में 33वें स्थान पर काबिज किदांबी श्रीकांत ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए विश्व नंबर 22 कोकी वतनाबे (जापान) को एक घंटा 12 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-15, 21-23, 24-22 से शिकस्त दी।

अब अगले दौर में श्रीकांत का सामना चौथी वरीयता प्राप्त चाउ तियेन चेन (चीनी ताइपे) से होगा, जिन्होंने पहले दौर में आयरलैंड के न्हात गुयेन को 21-14, 21-15 से हराया।

हालांकि, अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा। पुरुष एकल में किरण जॉर्ज को पहले दौर में ही इंडोनेशिया के मोह जाकी उबैदिल्लाह के खिलाफ 17-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

महिला एकल में आकर्शी कश्यप भी शुरुआती दौर से आगे नहीं बढ़ सकीं। उन्हें डेनमार्क की जूली डावल याकोबसेन से 21-8, 20-22, 17-21 से पराजय झेलनी पड़ी।

मिश्रित युगल में भारत का अभियान पहले दौर में ही समाप्त हो गया। रोहन कपूर और रुथविका गड्डे की जोड़ी को फ्रांस की चौथी वरीयता प्राप्त थॉम गिकेल और डेल्फिन डेलरू ने 9-21, 20-22 से हराया। वहीं ध्रुव कपिला और तनिष क्रास्टो को फ्रांस की जूलियन माओ और लिया पालेर्मो की जोड़ी ने 23-21, 20-22, 6-21 से शिकस्त दी। इस तरह पहले दौर के बाद भारतीय चुनौती सीमित खिलाड़ियों तक सिमट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags