
काठमांडू, 03 जनवरी (हि.स.)। नेपाल में आगामी पांच मार्च को होने जा रहे आम चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने अस्थाई निर्वाचन पुलिस की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।
शनिवार को नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की तरफ से अपने-अपने स्तर से भर्ती किए जाने वाले जनशक्ति से संबंधित अलग-अलग प्रस्ताव गृह मंत्रालय से स्वीकृत होने के साथ भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही दोनों पुलिस बल ने देशभर के जिला पुलिस कार्यालयों को भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दे दिया है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार रविवार तक सभी जिला पुलिस मुख्यालयों से भर्ती प्रक्रिया के लिए सार्वजनिक आह्वान किया जाएगा।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता, पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अविनारायण काफ्ले ने बताया कि गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गृह मंत्रालय ने नेपाल पुलिस को 1 लाख 34 हजार निर्वाचन पुलिस भर्ती करने की अनुमति दी है, जबकि सशस्त्र पुलिस को 15 हजार की भर्ती की इजाजत होगी। नेपाल पुलिस ने 1 लाख 37 हजार 644 और सशस्त्र पुलिस ने 16 हजार की मांग की थी, लेकिन गृह मंत्रालय ने दोनों की मांग कुछ कम कर मंजूरी दी है।
निर्वाचन पुलिस की भर्ती के लिए वित्त मंत्रालय ने दोनों पुलिस बलों के लिए बजट सुनिश्चित कर दिया है। स्वीकृत बजट के आधार पर ही मापदंड तैयार किए गए हैं।
तैयार मापदंड के अनुसार, भर्ती के बाद निर्वाचन पुलिस को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा और उसके बाद एक महीने तक उन्हें निर्वाचन ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। नेपाल पुलिस द्वारा भर्ती की गई जनशक्ति नेपाल पुलिस के साथ और सशस्त्र पुलिस द्वारा भर्ती की गई जनशक्ति सशस्त्र पुलिस बल के साथ ही कार्य करेगी।
उन्हें पुलिस जवानों के समान सेवासुविधाएं मिलेंगी। बीमा के साथ-साथ वर्दी और राशन भत्ता भी दिया जाएगा। पूर्व सुरक्षाकर्मियों और इससे पहले के चुनावों में कार्य कर चुके (म्यादी) कर्मियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकांश मापदंड पहले जैसे ही रखे गए हैं।
आगामी 5 मार्च को होने वाले चुनाव में देशभर में कुल 10,967 मतदान स्थल होंगे, जो पहले की तुलना में 168 अधिक हैं। इनमें से 3,500 मतदान केंद्र सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माने गए हैं। मतदान स्थलों की संख्या बढ़ने और सुरक्षा संवेदनशीलता में इजाफा होने के कारण 35 हजार अतिरिक्त निर्वाचन पुलिस भी भर्ती की जाएगी।
साथ ही, पहली बार सशस्त्र पुलिस भी निर्वाचन पुलिस की भर्ती करेगी। पहले स्ट्राइकिंग ड्यूटी में 18 सदस्यों की टीम तैनात की जाती थी, अब इसमें 6 निर्वाचन पुलिस और जोड़ी जाएंगी। पहले मोबाइल गश्ती में 7 सशस्त्र पुलिसकर्मी रहते थे, इस बार 12 सदस्य तैनात होंगे, जिनमें 7 सशस्त्र पुलिस और 5 निर्वाचन पुलिस शामिल होंगे।
निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए नेपाल पुलिस ने कार्य विभाग के प्रमुख अतिरिक्त महानिरीक्षक उमा प्रसाद चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक अलग सेल का गठन कर तैयारी शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास