सोलियोस एनर्जी लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष डीआरएचपी किया फाइल

युगवार्ता    01-Oct-2026
Total Views |
आईपीओ के लागो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अहमदाबाद स्थित सोलियोस एनर्जी लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए धन जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में एक करोड़ दस लाख तक का फ्रेश इश्यू और इसमें शामिल प्रमोटरों, भावेशकुमार सी. राठौड़, धवल कुमार घनश्याम भाई जियानी, पार्थ. आर. रंगोलिया,अनिकेत रंगोलिया तथा विपुल राठौड़ द्वारा 90 लाख इक्विटी शेयरों तक का ऑफर-फॉर-सेल शामिल है।

सोलियोस एनर्जी लिमिटेड 113.6 करोड़ रुपये के इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने 2.20 गीगावाट एच की संस्थापित क्षमता वाली बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स निर्माण सुविधा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी (बीईएसएस प्रोजेक्ट) को स्थापित करने व कैपिटल एक्सपेंडिचर की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। साथ ही, 20 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने/प्री-पेमेंट करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

कंपनी के मुताबिक ये ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के जरिए लाया जा रहा है, जिसमें ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार को नहीं दिया जाएगा, और ऑफर का कम से कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा। इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्टिंग के लिए प्रस्तावित हैं।

उल्लेखनीय है कि 2017 में बनी यह कंपनी भारत में हेडक्वार्टर वाली एक इंटीग्रेटेड सोलर एनर्जी कंपनी है, जो बिजली कंज्यूमर्स और रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स और एसेट ओनर्स को एंड-टू-एंड सॉल्यूशन देती है। ये एक इंटीग्रेटेड बिजनेस मॉडल के जरिए सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट के पूरे लाइफ़साइकिल में अपनी सर्विस देती है, जिसमें शुरुआती स्टेज में प्रोजेक्ट बनाना, डिज़ाइन और डेवलपमेंट और कंसल्टिंग से लेकर कमीशनिंग और लंबे समय तक ऑपरेशन तक शामिल है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags