मप्र के ग्वालियर आए ओडिशा के इन्फ्लुएंसर दल ने देखीं विकास की परियोजनाएं

युगवार्ता    01-Oct-2026
Total Views |
ग्वालियर में उड़ीसा के इन्फ्लुएंसर दल की विकास की परियोजनाओं के अवलोकन के दौरान ली गई सामूहिक तस्वीर


- लक्ष्मीबाई समाधि स्थल एवं ग्वालियर किले का भी किया अवलोकन

ग्वालियर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा-संकल्प अभियान के तहत ओडिशा से मध्य प्रदेश के प्रवास पर आए 28 सदस्यीय सोशल मीडिया प्रभावक (इन्फ्लुएंसर) दल ने गुरुवार को ग्वालियर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही ग्वालियर के पुरातात्विक महत्व एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी अवलोकन किया।

ओडिशा से आए दल ने ग्वालियर के जौरासी के समीप निर्मित किए जा रहे अम्बेडकर धाम का अवलोकन किया। अम्बेडकर धाम का निर्माण लोक निर्माण विभाग की पीआईयू सेल द्वारा किया जा रहा है। अम्बेडकर धाम में लाइब्रेरी, गैलरी एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ बाबा साहब अम्बेडकर के जीवन के विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी प्राप्त होगी। दल द्वारा ग्वालियर में ही पर्यटन विभाग के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से निर्मित किया गया है।

ओडिशा के इन्फ्लुएंसर दल ने ग्वालियर में अटल स्मारक निर्माण का भी दल ने अवलोकन किया। अटलजी के जीवन दर्शन पर आधारित यह भव्य स्मारक शीघ्र ही पूर्ण होगा। इसके बाद ओडिशा से आए दल ने ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल का भी अवलोकन किया। ग्वालियर का विमानतल बहुत ही आधुनिक और कम समय में निर्मित किया गया एयरपोर्ट है। दल द्वारा इसके पश्चात स्मार्ट सिटी के माध्यम से ग्वालियर में निर्मित किए गए अंतरराज्यीय बस स्टेण्ड का भी अवलोकन किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए ग्वालियर में निर्मित स्टेडियम का भी दल के सदस्यों ने अवलोकन किया और स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिये उपलब्ध कराई गई खेल की आधुनिक सुविधाओं को भी देखा।

ओडिशा से आए दल द्वारा वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के समाधि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धा-सुमन भी अर्पित किए गए। इसके साथ ही ग्वालियर के ऐतिहासिक किले का भी दल के सदस्यों ने अवलोकन किया। अटल स्मारक निर्माण का अवलोकन करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौनिया ने भी दल के सदस्यों से भेंट की और ग्वालियर विकास के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags