
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की ‘टारगेटेड किलिंग’ के सिलसिले में हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। यूएई में रहने वाला आरोपित अपराधियों को संसाधन और वित्तीय मदद मुहैया कराता था और एनआईए को उसकी तलाश थी।
एनआईए की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, “हरविंदर कुमार को कड़े राजनयिक प्रयासों के बाद आज (1 अक्टूबर) यूएई से भारत लाया गया है। भारत आने के बाद एनआईए ने उसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष एनआईए कोर्ट में पेश किया गया।”
यह मामला विकास प्रभाकर की सोची-समझी योजना के तहत की गई हत्या से जुड़ा है। विकास प्रभाकर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सदस्यों ने हमला किया था। एनआईए ने 9 मई 2024 को मामला दर्ज किया था और अब तक इस मामले में तीन चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।
यह गिरफ्तारी यूएई के एक और आरोपी मनवीर राम की 13 अगस्त को हुई गिरफ्तारी के बाद हुई है। मनवीर राम कथित तौर पर क्राइम में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई में शामिल था। उसे अमृतसर एयरपोर्ट पर पकड़ा गया और बाद में एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एनआईए की जांच से पता चला है कि विकास प्रभाकर को खत्म करने की साजिश कथित तौर पर जर्मनी में मौजूद बीकेआई के ऑपरेटिव हरजीत सिंह उर्फ लाडी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू ने रची थी।
जांच से यह भी पता चला है कि हरविंदर कुमार उर्फ सोनू, यूएई से काम करते हुए विदेश में मौजूद बीकेआई के ऑपरेटिव के लिए संसाधन और वित्त मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाता था।
उसने भर्ती करने और दिशा-निर्देश देने का काम किया, हथियारों का इंतज़ाम किया और विकास प्रभाकर की हत्या में शामिल शूटरों तक उनकी डिलीवरी में मदद की। उसने हरजीत सिंह और कुलबीर सिंह के निर्देशों पर साजिश के सिलसिले में आतंकी वित्त भी लिए और मुहैया कराए।
एनआईए का कहना है कि हरविंदर कुमार उर्फ सोनू का यूएई से प्रत्यर्पित करने और उसके बाद एनआईए द्वारा उसकी गिरफ्तारी, एजेंसी के आतंकवाद के मामलों में शामिल भगोड़ों का पीछा करने और उन्हें कानून की सही प्रक्रिया का सामना करने के लिए भारत वापस लाने के पक्के इरादे को दिखाती है। यह घटनाक्रम भगोड़ों को भारत वापस लाने में शामिल अलग-अलग एजेंसियों की मिली-जुली कोशिशों का भी नतीजा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा