एशियाई खेल 2026: श्रीलंका पर बड़ी जीत के साथ भारत ने बनाया टी20 का विश्व रिकॉर्ड

युगवार्ता    01-Oct-2026
Total Views |
विकेट लेने के बाद जश्न मनाते बुमराह और अक्षर


आइची-नागोया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंका को एशियाई खेलों के क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 124 रन से हराने के साथ भारतीय टीम ने पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रन के अंतर से जीत का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह भारत की इस अंतर से 11वीं जीत है।

भारत की जीत में ईशान किशन की 80 रन की नाबाद पारी के बाद अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और अभिषेक शर्मा की शानदार गेंदबाजी की अहम भूमिका रही। चुनौतीपूर्ण पिच पर भारत के 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में केवल 45 रन पर सिमट गई।

भारत की 124 रन की जीत पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल में सबसे बड़े जीत अंतर का नया रिकॉर्ड भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था, जब उसने अहमदाबाद में 2026 टी20 विश्वकप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था।

श्रीलंका का 45 रन का स्कोर किसी टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में उसकी पूरी टीम के आउट होने पर संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर है। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2019 में बैसेटेरे में इंग्लैंड के खिलाफ 45 रन बनाए थे।

श्रीलंका की पारी में पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। एक पारी में सबसे अधिक शून्य पर आउट होने के मामले में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस मामले में जिम्बाब्वे के नाम 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ छह बल्लेबाजों के शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है।

श्रीलंका की यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी सबसे बड़ी हार है। उसकी सबसे बड़ी हार 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 134 रन की रही थी।

मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रनों की उपयोगी पारी खेली। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन हालांकि ज्यादा योगदान नहीं दे सके।

भारत का स्कोर जब 87 रन पर चार विकेट था, तब ईशान किशन ने पारी को संभाला। उन्होंने 46 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए और भारत को 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका के लिए सहान अराचिगे ने 2/28 और थारिंदु रत्नायके ने 2/32 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। नुवानिदु फर्नांडो 15 रन के साथ उसकी पारी में 10 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 3/8, जसप्रीत बुमराह ने 2/7, अभिषेक शर्मा ने 2/2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1/18 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी 45 रन पर समेट दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags