
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का सामना करने के बाद रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी थोड़ी और बढ़ गई। इसके कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से बाजार की स्थिति में सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.06 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 287.40 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,192.89 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का मामूली दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक फिसल कर 72,187.62 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में भी तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स रिकवरी कर हरे निशान में पहुंच गया।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक 90 अंक से अधिक की तेजी के साथ 72,572.90 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इसकी चाल में थोड़ी गिरावट भी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 41.49 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,438.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 76.75 अंक यानी 0.34 प्रतिशत टूट कर 22,543.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 35 अंक लुढ़क कर 22,508.05 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी का रुख बन गया।
बाजार में लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद निफ्टी 22,610.60 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि इस सूचकांक के हरे निशान में पहुंचने के पहले ही बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण निफ्टी की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 46.75 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,573.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,938 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 923 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,015 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोटक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस एचसीएल टेक्नोलॉजी और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 3.05 प्रतिशत से लेकर 1.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, बजाज ऑटो, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एटरनल, आयशर मोटर्स और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 6.91 प्रतिशत से लेकर 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 72,480.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,620.45 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक