कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत शीर्ष पर, तीन स्वर्ण सहित जीते 13 पदक

युगवार्ता    10-Oct-2026
Total Views |
कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत शीर्ष पर, तीन स्वर्ण सहित जीते 13 पदक


अहमदाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, पांच रजत और पांच कांस्य सहित कुल 13 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को संपन्न हुई इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाकर घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष डॉ पीटी उषा ने समापन अवसर पर आयोजित पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। एपेक्स स्पोर्ट्स प्रमोशन के आयोजन और बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआई) की मेजबानी में हुई इस प्रतियोगिता को वर्ल्ड कॉन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट की मान्यता प्राप्त थी।

भारत के लिए आदित्य स्नेहल मेहता, अनुपमा रामचंद्रन और रयान रज्मी स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमुख खिलाड़ी रहे। पुरुष स्नूकर के फाइनल में आदित्य मेहता ने हमवतन ध्वज हरिया को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस स्पर्धा में ध्वज को रजत पदक मिला, जबकि लक्ष्मण सिंह रावत ने श्रीलंका के मोहम्मद थाहा इरशाद के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

महिला इंग्लिश बिलियर्ड्स के फाइनल में अनुपमा रामचंद्रन ने भारत की ही रेवन्ना उमादेवी को 1-0 से हराकर स्वर्ण जीता। उमादेवी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुष इंग्लिश बिलियर्ड्स में रयान रज्मी ने सिद्धार्थ शैलेश पारिख को हराकर भारत की झोली में तीसरा स्वर्ण डाला।

महिला स्नूकर में कीर्तना पांडियन ने रजत पदक जीता। फाइनल में उन्हें ग्रेट ब्रिटेन की रेबेका केन्ना से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इशिका शाह और श्रुति लक्ष्मीनारायणन ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

पुरुष हेयबॉल में पारस गुप्ता ने दक्षिण अफ्रीका के जेसन थेरॉन के खिलाफ कड़े मुकाबले में 5-6 से हारने के बाद रजत पदक जीता। उजैर खान ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष 10-बॉल पूल में दिव्या शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या बढ़ाई।

अन्य स्पर्धाओं में ग्रेट ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा और सिंगापुर के खिलाड़ियों ने भी खिताब जीते। ग्रेट ब्रिटेन ने महिला स्नूकर और पुरुष ब्लैकबॉल में स्वर्ण हासिल किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने महिला 10-बॉल पूल में बाजी मारी। युगांडा की नाइगा रुकिया महिला ब्लैकबॉल चैंपियन बनीं। महिला हेयबॉल का खिताब ग्रेट ब्रिटेन की केली फिशर ने जीता।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags