
कांगड़ा, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना रविवार को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचे। उन्होंने प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
दर्शन से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि आज नवरात्रि का पहला दिन है। मैं अपनी माता और बहन को साथ यहां आया हूं। मेरी मां हिमाचल प्रदेश से ही हैं, इसलिए आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है। मैं उनके साथ यहां आया हूं। उन्होंने कहा कि माता रानी से यही प्रार्थना है कि सभी खुश रहें और स्वस्थ रहें। माता-पिता का आशीर्वाद बना रहे और माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे।
रैना ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर दर्शन की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ॐ श्री बगलामुख्यै नमः। नवरात्रि के पहले दिन मां बगलामुखी के दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूं। मां का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। मां बगलामुखी की कृपा से सभी के जीवन में शक्ति, शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
रविवार से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में मां दुर्गा के नौ शक्ति स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। नवरात्रि के नौ दिनों में क्रमशः मां शैलपुत्री, मां ब्रह्मचारिणी, मां चंद्रघंटा, मां कूष्मांडा, मां स्कंदमाता, मां कात्यायनी, मां कालरात्रि, मां महागौरी और मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। भक्त इन नौ दिनों में व्रत रखते हैं और मां दुर्गा की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
सुरेश रैना के क्रिकेट करियर से बात करें, तो रैना ने भारतीय टीम के लिए 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले है। इस दौरान टेस्ट में एक शतक की बदौलत 768 रन, वनडे में पांच शतक के साथ 5615 रन और टी-20 1605 रन बनाए। वह 2011 में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। रैना ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी बल्ले से खूब रन बनाएं हैं। उन्होंने 205 आईपीएल मैचों में 5528 रन बनाए हैं। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह