बुखारेस्ट, 10 अक्टूबर (हि.स.)। काला सागर में हमले का शिकार हुए वाणिज्यिक जहाज एमवी रोयाद ममादोव से बचाए गए तीन भारतीय नागरिक रोमानिया से शनिवार को स्वदेश के लिए रवाना हो गए। बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी देते हुए उनकी सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए रोमानियाई अधिकारियों, चिकित्सा कर्मियों और बचाव दलों का आभार जताया।
दूतावास के अनुसार, स्वदेश लौटने वाले भारतीय नागरिकों में साहिल संधू, अश्विनी कुमार और हरमन सिंह शामिल हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि तीनों की वापसी के लिए आवश्यक सहायता और व्यवस्थाएं की गईं।
जहाज पर मंगलवार को हमला हुआ था, जिसके बाद तीनों भारतीयों को बचाया गया। बुधवार को भारतीय दूतावास के एक प्रतिनिधि ने उनसे मुलाकात की थी। इनमें से दो भारतीयों को होटल में ठहराया गया, जबकि घायल तीसरे नागरिक का कॉन्स्टांटा के काउंटी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
दूतावास ने उनकी जल्द और सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। जहाजरानी कंपनी के स्थानीय एजेंट के माध्यम से मोबाइल फोन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था की गई। इसके अलावा, उनके लिए भारतीय भोजन का भी इंतजाम किया गया।
इस घटना के बाद भारत ने काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की निंदा की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि ऐसे हमले समुद्री व्यापार के लिए खतरा पैदा करते हैं और समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की जान जोखिम में डालते हैं।
उन्होंने कहा कि जहाज पर तीन भारतीय नागरिक सवार थे। तीनों सुरक्षित हैं, हालांकि उनमें से एक घायल हुआ था और उसका उपचार किया जा रहा था। जायसवाल ने इस मामले में सहायता के लिए रोमानियाई अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति बहाल करने और विवादों का समाधान निकालने के लिए संवाद एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील भी दोहराई।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय