ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

युगवार्ता    12-Oct-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिका बाजार में पिछले सत्र के द्वारा लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 423.31 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़ कर 51,654.95 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.59 प्रतिशत उछल कर 7,811.54 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 172.83 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की छलांग लगा कर 27,366.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 195.78 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,850.73 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 110.45 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की छलांग लगा कर 10,552.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.94 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,803.33 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 280.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत उछल कर 25,087.27 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,643.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,422.27 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,218 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,571.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.12 प्रतिशत टूट कर 3,809.08 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 201.82 अंक यानी 3.05 प्रतिशत लुढ़क कर 6,424.11 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में भी आज जोरदार कमजोरी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 0.92 प्रतिशत टूट कर 6,037.73 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 24,218 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक गिरावट के साथ 69,030.92 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags