टेनिस प्रीमियर लीग की नीलामी में चार खिलाड़ियों पर लगी 13-13 लाख रुपये की बोली

युगवार्ता    12-Oct-2026
Total Views |
टेनिस प्रीमियर लीग की नीलामी में चार खिलाड़ियों पर लगी 13-13 लाख रुपये की बोली


- हैदराबाद में 08 दिसंबर से शुरू होगा टीपीएल का आठवां सीजन

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि,ल,)। किआ टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) के आठवें सत्र के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में भारत के धाक्शिनेश्वर सुरेश सहित चार खिलाड़ियों पर सर्वाधिक 13-13 लाख रुपये की बोली लगी। बेल्जियम की सोफिया कोस्टौलास, रूस की सोफ्या लैंसेरे और इरिना शिमानोविच भी नीलामी में संयुक्त रूप से सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। मुंबई के फोर सीजन्स होटल में आयोजित इस नीलामी में आठ फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी टीमों को अंतिम रूप दिया।

टीपीएल का आठवां सत्र 08 से 13 दिसंबर तक हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में खेला जाएगा। जिसका प्रसारण दर्शकों के लिए जियोहॉटस्टार पर होगा। नीलामी के दौरान लिएंडर पेस, सानिया मिर्जा, रोहन बोपन्ना, रकुल प्रीत सिंह और सोनाली बेंद्रे भी मौजूद रहे।

गत चैंपियन जीएस दिल्ली एसेस ने सोफिया कोस्टौलास को 13 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। कोस्टौलास ने टीपीएल के पिछले सत्र में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, गुजरात पैंथर्स ने इरिना शिमानोविच और हैदराबाद स्ट्राइकर्स ने सोफ्या लैंसेरे को समान राशि में खरीदा। लखनऊ ब्लेजर्स ने भारतीय खिलाड़ी धाक्शिनेश्वर सुरेश पर 13 लाख रुपये खर्च किए।

गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स ने भारतीय खिलाड़ी श्रिवल्ली भामिदिपति को सात लाख रुपये और जर्मनी के डेनियल मासुर को 7.10 लाख रुपये में खरीदा। राजस्थान रेंजर्स ने भारतीय युगल विशेषज्ञ श्रीराम बालाजी के लिए आठ लाख रुपये की बोली लगाई, जबकि रूस की अनास्तासिया जोलोटारेवा को 7.30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया।

कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने चीन की फांग्रान तियान को 9.20 लाख रुपये और भारत के अनिरुद्ध चंद्रशेखर को 7.20 लाख रुपये में खरीदा। मुंबई रॉयल्स ने भारत के निकी पूनाचा को 7.20 लाख रुपये तथा क्रोएशिया की तारा वुर्थ को सात लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।

गुजरात पैंथर्स ने भारत के रामकुमार रामनाथन को सात लाख रुपये में खरीदा। हैदराबाद स्ट्राइकर्स ने भारत के सिद्धांत बंथिया के लिए सात लाख रुपये खर्च किए। लखनऊ ब्लेजर्स ने चेक गणराज्य की जूली स्टुपलोवा को सात लाख रुपये में अपनी टीम में जगह दी। गत चैंपियन दिल्ली एसेस ने भारत के रित्विक चौधरी बोलिपल्ली को भी सात लाख रुपये में खरीदा।

भारतीय प्रतिभाओं को मिला मौका

टीपीएल के सह-संस्थापक कुनाल ठाकुर ने कहा कि नीलामी में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। धाक्शिनेश्वर सुरेश जैसे भारतीय खिलाड़ियों को मिली ऊंची बोली से लीग में घरेलू प्रतिभाओं के बढ़ते अवसरों का पता चलता है। लीग का उद्देश्य भारतीय टेनिस खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।

लीग के सह-संस्थापक मृणाल जैन ने कहा कि सभी टीमों ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द संतुलित टीम तैयार करने की कोशिश की है। किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग एवं सेल्स) अतुल सूद ने भी लीग के साथ कंपनी की साझेदारी को भारतीय टेनिस संस्कृति और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम बताया।

टीपीएल के आठवें सत्र में टीमें लीग के 25 अंकों वाले प्रारूप में मुकाबला करेंगी, जिसमें प्रत्येक अंक का महत्व होगा। आयोजकों के अनुसार, मैचों के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags