लेबनान सीमा के पास बारूदी अवशेष में विस्फोट, एक किशोर की मौत और 19 घायल

युगवार्ता    12-Oct-2026
Total Views |

यरूशलम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। लेबनान सीमा के निकट उत्तरी इजराइल के रामिम रिज इलाके में सोमवार को एक विस्फोट में किशोर की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर और तीन की स्थिति मध्यम बताई गई है। हादसे के समय स्कूली बच्चे और शिक्षक नफ्ताली पर्वतीय वन क्षेत्र के एक प्राकृतिक मार्ग पर पैदल यात्रा कर रहे थे।

इजराइल की आपातकालीन चिकित्सा सेवा मैगन डेविड एडोम के अनुसार, विस्फोट बिना फटे पड़े विस्फोटक आयुध के कारण हुआ। पुलिस और सेना की बम निरोधक टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू की। सेना ने इलाके में ऐसे अन्य विस्फोटक अवशेषों की तलाश के लिए अपनी विशेष युद्ध इंजीनियरिंग इकाई याहलोम के जवानों को भी तैनात किया।

अस्पतालों में घायलों का उपचार

जफात स्थित जीव मेडिकल सेंटर के अनुसार, सात घायल स्कूली बच्चों को वहां भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर है, जबकि पांच को मामूली चोटें आई हैं। हाइफा के रामबाम हेल्थ केयर सेंटर में तीन किशोरों और एक वयस्क की जांच की जा रही है।

घायलों को निकालने के लिए चिकित्सा दलों और वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। अधिकारियों ने लोगों से इलाके में किसी भी संदिग्ध विस्फोटक वस्तु को नहीं छूने और ऐसी वस्तु दिखने पर सुरक्षा एजेंसियों को सूचना देने की अपील की है।

हिजबुल्ला के रॉकेट का अवशेष होने का संदेह

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, विस्फोट में हिजबुल्ला की ओर से दागे गए रॉकेट का सब-म्यूनिशन यानी छोटा विस्फोटक हिस्सा शामिल होने की आशंका है। अधिकारियों ने आशंका जताई कि पैदल यात्रा के दौरान किसी स्कूली बच्चे ने विस्फोटक का हिस्सा उठाकर अपने बैग में रख लिया था, जो कुछ मिनट बाद विस्फोट हो गया। हालांकि, विस्फोटक के वास्तविक स्रोत और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए जांच जारी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags