
- दिल्ली में 13 दिसंबर को प्रस्तावित मुकाबले को लेकर बोर्ड ने नहीं लिया कोई फैसला
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को उन खबरों को गलत बताया, जिनमें दावा किया गया था कि भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को नई दिल्ली में होने वाला पहला वनडे मुकाबला अहमदाबाद स्थानांतरित किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय बोर्ड ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है।
यह स्पष्टीकरण दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे बड़े स्तर के ढांचागत सुधार कार्यों के बीच आया है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ स्टेडियम में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था लगाने के साथ पिचों और आउटफील्ड को नए सिरे से तैयार कर रहा है। इसी कारण मुकाबले के आयोजन स्थल को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।
सैकिया ने सोमवार को जारी बयान में कहा, “दिल्ली में निर्धारित भारत-श्रीलंका वनडे मुकाबले को अहमदाबाद स्थानांतरित किए जाने संबंधी खबरें सही नहीं हैं। बीसीसीआई ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है।”
उन्होंने कहा, “हम मीडिया के साथियों से अनुरोध करते हैं कि कार्यक्रम से जुड़े किसी भी अपडेट के लिए बीसीसीआई के आधिकारिक संचार का ही संदर्भ लें। साथ ही, यह दोहराना जरूरी है कि द्विपक्षीय मुकाबलों का आवंटन मुख्य रूप से एक मानक नीति के तहत किया जाता है।”
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 16 दिसंबर को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, तीसरा वनडे 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में निर्धारित है।
ये मुकाबले भारत के लिए 2027 में होने वाले पुरुष वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम हैं। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम अपनी रणनीति और संयोजन को अंतिम रूप देना चाहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे