इजराइल में फाइबर ऑप्टिक और सिम कार्ड से संचालित ड्रोन पर छह महीने की पाबंदी

युगवार्ता    13-Oct-2026
Total Views |

- रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सुरक्षा खतरों के मद्देनजर विशेष आदेश जारी करने की घोषणा की

तेल अवीव, 13 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइल ने देश के हवाई क्षेत्र में फाइबर ऑप्टिक केबल और मोबाइल नेटवर्क के जरिये नियंत्रित होने वाले ड्रोन के इस्तेमाल पर छह महीने की अस्थायी पाबंदी लगा दी है। इस संबंध में विशेष सुरक्षा आदेश पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसका उद्देश्य ड्रोन से पैदा हो रहे सुरक्षा खतरों से निपटना है।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि यह आदेश रविवार को हस्ताक्षरित किया जाना था और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय तलाशे जाने तक छह महीने प्रभावी रहेगा। प्रतिबंध सभी प्रकार के ड्रोन पर लागू नहीं होगा। इसका दायरा उन ड्रोन तक सीमित रहेगा, जिन्हें फाइबर ऑप्टिक केबल से नियंत्रित किया जाता है या जिनमें सिम कार्ड लगा होता है और जो पारंपरिक रेडियो फ्रीक्वेंसी के बजाय वाणिज्यिक मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से संचालित होते हैं।

प्रस्तावित आदेश में सुरक्षा एजेंसियों की ओर से या उनकी ओर से किए जाने वाले कार्यों को छूट देने का प्रावधान है। इसके अलावा, आदेश लागू होने से पहले इजराइल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से अनुमति प्राप्त फाइबर ऑप्टिक और सिम कार्ड नियंत्रित ड्रोन भी निर्धारित शर्तों के तहत छूट के पात्र होंगे। आदेश में छूट संबंधी आवेदनों पर विचार करने के लिए एक विशेष समिति गठित करने का भी प्रावधान है।

रक्षा मंत्री के कार्यालय ने बताया कि यह कदम देश के भीतर और बाहर से मिलने वाली सुरक्षा संबंधी खुफिया सूचनाओं तथा बढ़ते खतरों के मद्देनजर उठाया गया है। इनमें ड्रोन हमले, वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिशें, अपराधियों और आपराधिक गिरोहों द्वारा ड्रोन का इस्तेमाल, खुफिया जानकारी जुटाना और तस्करी जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags