ब्लूमबर्ग की भारत में कारोबार विस्तार की योजनाओं का मोदी ने किया स्वागत

युगवार्ता    13-Oct-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्लूमबर्ग के संस्थापक माइकल ब्लूमबर्ग मंगलवार को नई दिल्ली में एक मुलाकात के दौरान


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में ब्लूमबर्ग के 30 वर्ष पूरे होने पर कंपनी को बधाई देते हुए देश में उसके कारोबार के विस्तार की योजनाओं का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अवसर पैदा कर रही है।

मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ब्लूमबर्ग के संस्थापक माइकल ब्लूमबर्ग की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आज सुबह आपसे मिलकर खुशी हुई। भारत में ब्लूमबर्ग के 30 वर्ष पूरे होने पर बधाई। हम भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और अपनी अर्थव्यवस्था, बाजारों तथा लोगों के साथ जुड़ाव गहरा करने की ब्लूमबर्ग की योजनाओं का स्वागत करते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में अपार अवसर पैदा कर रही है।

इससे पहले ब्लूमबर्ग ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने तेज आर्थिक वृद्धि दर्ज की है और वैश्विक नेतृत्व में अपनी भूमिका मजबूत की है। उन्होंने भारत के भविष्य के लिए प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

ब्लूमबर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान भारत में कंपनी के 30 वर्ष पूरे होने और देश में अपनी गतिविधियों का विस्तार करने की योजनाओं पर चर्चा हुई।

ब्लूमबर्ग की पोस्ट के साथ साझा की गई तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी और माइकल ब्लूमबर्ग की विभिन्न अवसरों पर हुई मुलाकातों की झलक दिखाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags