




- राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत हुए अभिनेता रघुवीर यादव
भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खंडवा की माटी के सपूत बहुमुखी प्रतिभा के धनी गायक और अभिनेता किशोर कुमार महान शताब्दी के महान कलाकार थे। वे अपने बेमिसाल अभिनय एवं सदाबहार गीतों से प्रशंसकों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे। उन्हें संसार से विदा हुए 39 वर्ष हो गये, लेकिन वे अपने अभिनय और गीतों से प्रशंसकों के लिए अमर हैं और आगे भी स्मृतियों में बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली खंडवा में आयोजित राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह और संगीत संध्या को संबोधित कर रहे थे। समारोह में फिल्म अभिनेता रघुवीर यादव को वर्ष 2026 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया गया। समारोह में अतिथियों ने उन्हें पांच लाख रुपये की सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम् और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खंडवा के विकास के लिये सभी क्षेत्रों में कार्य हो रहा हैं। खंडवा में शीघ्र ही एयरपोर्ट भी बनेगा और जिले के प्रसिद्ध धार्मिक महत्व के स्थल ओंकारेश्वर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन आसान हो जाएगा।
किशोर कुमार की नगरी खंडवा में शीघ्र प्रारंभ होगा एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार हरफनमौला किशोर कुमार की स्मृति में राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार किशोर कुमार अलंकरण प्रतिवर्ष प्रतिभा संपन्न कलाकार को प्रदान करती है। वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिये अभिनेता रघुवीर यादव का चयन किया गया है। उन्होंने इस वर्ष राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किए गए अभिनेता रघुवीर यादव को अलंकरण के लिये बधाई दी।
किशोर कुमार का अंदाज याद रहेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गायक और अभिनेता किशोर कुमार का अपनी जन्मभूमि खंडवा से विशेष लगाव था। वे सदैव कहते थे - दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक ऐसे गीत हैं, जिन्हें किशोर कुमार ने न सिर्फ गाया बल्कि उन गीतों से जीवन दर्शन भी दिया। रोते-रोते हंसना सीखो, हंसते-हंसते रोना... और जिन्दगी एक सफर है सुहाना... ऐसा ही गीत हैं। फिल्म पड़ोसन में किशोर कुमार का अलग अंदाज दिखाई दिया, जो दर्शकों को सदैव याद रहेगा। फिल्म चलती का नाम गाड़ी उनके फिल्मी कैरियर की एक विशेष फिल्म रही, जिसमें उनके भाईयों अशोक कुमार और अनूप कुमार ने भी अभिनय किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किशोर कुमार को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
विलक्षण है रघुवीर यादव की प्रतिभा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी रघुवीर यादव विलक्षण प्रतिभा रखते हैं। वे वेब सीरिज 'पंचायत' में प्रधान की भूमिका से चर्चित हुए लेकिन इसके पहले पीपली लाइव के 'बुधिया', फिल्म लगान के 'भूरा' और उसके पहले मुंगेरीलाल के हसीन सपने में 'मुंगेरीलाल' का किरदार निभाकर उन्होंने नाम कमाया है। उनका ठेठ ग्रामीण अंदाज माटी की सौन्धी खुशबू का अहसास करवाता है। अभिनेता रघुवीर यादव ने मध्य प्रदेश पर्यटन के लिए लोकप्रिय जिंगल एमपी अजब है सबसे गजब है के लिए भी आवाज दी हैं। उन्हें किशोर कुमार राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत कर मध्य प्रदेश सरकार स्वयं गौरवान्वित हो रही है।
किशोर कुमार राष्ट्रीय अलंकरण समारोह में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, विधायकगण कंचन मुकेश तन्वे, नारायण सिंह पटेल व छाया मोरे, महापौर अमृता अमर यादव, पूर्व विधायक देवेन्द्र वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
खंडवा में आयोजित अलंकरण समारोह में संस्कृति विभाग द्वारा आमंत्रित अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि खंडवा जिला ज्योतिर्लिंग मंदिर ओंकारेश्वर, दादा धूनी वाले और पंडित माखनलाल चतुर्वेदी के नाम के साथ-साथ फिल्मी दुनिया के जाने-माने पार्श्व गायक स्वर्गीय किशोर कुमार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने इस अवसर पर फिल्म अभिनेता रघुवीर यादव को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान मिलने पर बधाई दी।
किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में मंत्री लोधी ने किया माल्यार्पण, लगाया दूध-जलेबी का भोग
इससे पहले प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मंगलवार को हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने समाधि स्थल पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने किशोर दा को प्रिय दूध-जलेबी का भोग भी लगाया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किशोर कुमार खंडवा के गौरव हैं, जिनकी आवाज और अभिनय ने देश-दुनिया में खंडवा का नाम रोशन किया है। उनकी स्मृतियों को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दौरान जिला पंचायत के अध्यक्ष पिंकी वानखेडे, विधायकगण कंचन तनवे, नारायण पटेल व छाया मोर तथा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर