पेप्सिको इंडिया ने बेहतर पोषण और पोर्टफोलियो रूपांतरण को दी रफ्तार

युगवार्ता    13-Oct-2026
Total Views |
पेप्सिको इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


पेप्सिको इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। देश की एक प्रमुख खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनी पेप्सिको इंडिया अपने फूड एवं बेवरेज बिजनेस का विस्तार करने के साथ भारत के जागरूक हो रहे उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों के अनुरूप अपने पोर्टफोलियो को भी विकसित कर रही है।

पेप्सिको इंडिया ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि उपभोक्ताओं के पसंदीदा स्वाद और सेहत को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच संतुलन बनाते हुए कंपनी अपने उत्पादों की संरचना में बदलाव, नए अपने उत्पादों एवं फॉर्मेट्स और विविध सामग्रियों के इस्तेमाल के जरिए अपने 'बेटर-फॉर-यू' विकल्पों का विस्तार भी कर रही है। इसके साथ ही पोषण एवं उत्पादों की खूबियों को लेकर अधिक पारदर्शिता पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को ज्यादा विकल्प और आवश्यक जानकारी मिल सके ताकि वे अपनी व्यक्तिगत पसंद और उपभोग के अवसरों के अनुसार सही चुनाव कर सकें।

कंपनी ने कहा कि पेप्सिको इंडिया के बेवरेज बिजनेस ने कम और मध्यम कैलोरी वाले विकल्पों को बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज कंपनी के 70 फीसदी से अधिक बेवरेज पोर्टफोलियो में जीरो-शुगर या मध्यम कैलोरी वाले विकल्प शामिल हैं, और कंपनी का लक्ष्य समय के साथ इसे बढ़ाकर 90 से 100 फीसदी तक ले जाने का है। इसके साथ ही कंपनी रिफॉर्म्युलेशन और कम तथा बिना शुगर वाले विकल्पों की बढ़ती रेंज के जरिए इस दिशा में आगे बढ़ रही है। इनमें पेप्सी ब्लैक, 7यूपी जीरो शुगर, गेटोरेड जीरो और निम्बूज जैसे उत्पाद शामिल हैं।

पेप्सिको इंडिया के साउथ एशिया चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर एवं सस्टेनेबिलिटी हेड याशिका सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ आगे बढ़ने का मतलब उनकी बदलती प्राथमिकताओं को समझना और उनकी अलग-अलग पसंद को पहचानना है। बेहतर विकल्पों को आसानी से उपलब्ध कराना हमारे लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हमारे नवाचार और विकास के तरीके का भी एक अहम हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हम अपने ब्रांड्स के जरिए लोगों को सोच-समझकर विकल्प चुनने के लिए सशक्त बना रहे हैं और उनके जीवन में खुशियां ला रहे हैं। कम और जीरो शुगर वाले बेवरेज से लेकर साबुत अनाज और मिलेट्स जैसी विविध सामग्रियों से तैयार स्नैक्स तक, हम ऐसे उपभोक्ताओं के लिए विकल्पों का विस्तार कर रहे हैं जो अपनी पसंद को लेकर लगातार अधिक जागरूक हो रहे हैं, जबकि स्वाद और आनंद हमारे अनुभव के केंद्र में बने हुए हैं। आखिरकार, इसका उद्देश्य ऐसे अधिक विकल्प प्रदान करना है जो उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों के अनुकूल हों और भारत में खान-पान के विविध तरीकों को दर्शाते हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags