'खोसला का घोसला 2' की रिलीज तारीख का ऐलान, पहला पोस्टर आया सामने

युगवार्ता    13-Oct-2026
Total Views |
खोसला का घोसला 2 - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हिंदी सिनेमा की चर्चित फिल्म 'खोसला का घोसला' के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। इस फिल्म का सीक्वल 'खोसला का घोसला 2' अगले साल 5 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर इसकी रिलीज तारीख की घोषणा की है। पोस्टर में मूल फिल्म की पहचान रहे हास्य और पारिवारिक माहौल की झलक देखने को मिलती है।

प्रिय मिश्रा और प्रशांत भागिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में एक बार फिर खोसला परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी। इस बार परिवार एक नई परिस्थिति में उलझता नजर आएगा। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म में पारिवारिक रिश्तों, हास्य और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े घटनाक्रम के साथ नए मोड़ और दिलचस्प परिस्थितियां देखने को मिलेंगी।

फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, परवीन डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपने पुराने किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा रवि किशन, दिव्या खोसला, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल भी फिल्म में नजर आएंगे। नए कलाकारों के जुड़ने से कहानी में नए रंग देखने को मिल सकते हैं।

टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमठ और राज हिरेमठ ने किया है। मूल फिल्म 'खोसला का घोसला' अपनी सहज कॉमेडी और आम परिवार की कहानी के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने में सफल रही थी। अब इसके सीक्वल से एक बार फिर उसी हास्य और पारिवारिक मनोरंजन को नए अंदाज में पेश करने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags