एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित, हरमनप्रीत सिंह संभालेंगे कप्तानी

युगवार्ता    13-Oct-2026
Total Views |
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो- एशियन हॉकी फेडरेशन)


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित कर दी। गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की टीम में वापसी हुई है। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में भारतीय टीम 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होने वाले टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने जापान में आयोजित एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर लगातार दूसरी बार महाद्वीपीय खिताब अपने नाम किया था। टीम में उस सफल अभियान के प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है। युवा डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा और मिडफील्डर आदित्य अर्जुन ललागे को भी सीनियर टीम में अपनी जगह मजबूत करने का एक और अवसर मिला है। 18 सदस्यीय मुख्य टीम के अलावा मिडफील्डर विष्णुकांत सिंह और फॉरवर्ड अंगद बीर सिंह को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है।

घरेलू दर्शकों के सामने खेलने को उत्साहित भारत

भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने पंजाब में टूर्नामेंट के आयोजन को खास बताया। उन्होंने कहा, “पंजाब में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खेलना विशेष अनुभव होगा। इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। हम घरेलू दर्शकों के उत्साह से प्रेरणा लेने के लिए तैयार हैं। भारत में टूर्नामेंट खेलने जैसा अनुभव कहीं और नहीं मिलता और हमें इसकी कमी महसूस हो रही थी।”

यह प्रतियोगिता पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। पंजाब ने भारतीय हॉकी को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं और इस खेल के विकास में राज्य का बड़ा योगदान रहा है। जालंधर और मोहाली में मुकाबलों के आयोजन से एशिया की शीर्ष हॉकी टीमों को इस खेल की मजबूत परंपरा वाले क्षेत्र में खेलने का अवसर मिलेगा।

पांच बार की चैंपियन भारत की नजर छठे खिताब पर

भारत इस टूर्नामेंट की मौजूदा चैंपियन टीम है और अब तक पांच बार खिताब जीतकर प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बनी हुई है। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम अपने रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने के इरादे से उतरेगी।

टूर्नामेंट की शुरुआत जालंधर में होगी। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक उद्घाटन समारोह और लीग चरण के सभी मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का निर्णायक चरण मोहाली में आयोजित होगा।

मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में चार नवंबर को सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि पांच नवंबर को पदक मुकाबले होंगे। भारतीय टीम को घरेलू दर्शकों के मजबूत समर्थन की उम्मीद है और वह पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी को यादगार बनाना चाहेगी।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम

गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक।

डिफेंडर: संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकड़ा।

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन ललागे, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह।

फॉरवर्ड: शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह।

रिजर्व खिलाड़ी:विष्णुकांत सिंह, अंगद बीर सिंह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags