लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 252 अंक टूटा

युगवार्ता    14-Oct-2026
Total Views |
शेयर बाजार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


- थोक महंगाई, कच्चे तेल के दाम बढ़ने से शेयर बाजार में गिरावट

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। थोक महंगाई दर में वृद्धि और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच घरेलू बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 252 अंक और निफ्टी 99. अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 251.89 अंक यानी 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 72,781.89 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 73,195.26 अंक के उच्च स्तर तक गया, जबकि 72,578.75 अंक के निचले स्तर तक आया।

इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 99.25 अंक यानी 0.44 फीसदी टूटकर 22,622.70 अंकाें पर बंद हुआ। आज के कारोबार में पिछले कारोबारी सत्र में उछाल के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार पर दबाव रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में सबसे ज्यादा गिरावट रही। वहीं, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी रही।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.36 फीसदी बढ़कर 106.1 डॉलर प्रति बैरल हो गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे।

वाणिज्य मंत्रालय के आज जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक सितंबर माह में थोक महंगाई दर बढ़कर 11.39 फीसदी हो गई, जो अगस्त में 9.92 फीसदी थी। खाद्य पदार्थों, विनिर्मित वस्तुओं तथा ईंधन एवं बिजली की कीमतें बढ़ने से थोक महंगाई दर में तेजी आई।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बीएसई का सेंसेक्स 1,109.10 अंको की उछाल के साथ 73,033.78 अंक पर और निफ्टी 358.60 अंक यानी 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ 22,721.95 अंक पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags