एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार अपने गृह राज्य पंजाब में देश के लिए खेलेंगे गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक

युगवार्ता    15-Oct-2026
Total Views |
कृष्ण बहादुर पाठक (फोटो साभार : हॉकी इंडिया)


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक नौ महीने से अधिक समय बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। वह 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पंजाब के जालंधर और मोहाली में होने वाली हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में भारतीय गोलपोस्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे।

29 वर्षीय पाठक के लिए यह अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि वह पहली बार अपने गृह राज्य पंजाब में देश के लिए खेलेंगे।

पाठक को 18 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने मोहिथ एचएस की जगह ली है। पाठक ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान वह बेंगलुरु में भारतीय विकास टीम के साथ अभ्यास करते हुए अपनी गोलकीपिंग में सुधार पर काम कर रहे थे।

जिस मैदान पर सीखा हॉकी खेलना, वहीं करेंगे देश का प्रतिनिधित्व

जालंधर का ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम पाठक के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी मैदान पर स्थित सुरजीत हॉकी अकादमी में उन्होंने सात साल तक खेल की बारीकियां सीखी थीं। अब वह इसी मैदान पर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की ओर से खेलेंगे।

पाठक ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “मेरे और सुरजीत हॉकी अकादमी के अन्य खिलाड़ियों के लिए इस अवसर को और भी बड़ा बनाने वाली बात यह है कि हम उसी मैदान पर खेलेंगे, जहां हमने सात साल तक हॉकी खेलना सीखा। मुझे नहीं लगता कि इससे बड़ा कुछ और हो सकता है। मैं हमें यह अवसर देने के लिए पंजाब सरकार और हॉकी इंडिया का धन्यवाद करना चाहता हूं।”

156 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव, सुधार पर किया काम

पाठक अब तक भारत के लिए 156 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। वह पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद संन्यास लेने वाले दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के साथ दूसरे गोलकीपर की भूमिका में रहे थे। अब वह अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करना चाहते हैं।

एशियाई खेलों के दौरान जब भारतीय टीम जापान में इतिहास रच रही थी, तब पाठक बेंगलुरु में अपनी गोलकीपिंग को बेहतर बनाने में जुटे थे। एशियाई खेलों से पहले वह एफआईएच विश्व कप के लिए नीदरलैंड और बेल्जियम गई भारतीय टीम के साथ गैर-खिलाड़ी सदस्य के रूप में भी गए थे।

पाठक ने कहा, “कोच ने मुझसे जिन क्षेत्रों में सुधार करने के लिए कहा था, उन पर मैं यहां बेंगलुरु में विकास टीम के साथ काम कर रहा था। मेरा मानना है कि मैंने उन क्षेत्रों में सुधार किया है और अब मेरा पूरा ध्यान हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में मिले इस अवसर पर है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने बेंगलुरु में कर्नाटक की वरिष्ठ राष्ट्रीय टीम के खिलाफ मैच खेले। लेकिन मैचों और टीम के साथ अभ्यास के अलावा हमने गोलकीपिंग के अतिरिक्त सत्र भी किए, ताकि जिन चीजों में सुधार करने के लिए मुझसे कहा गया था, उन पर लगातार काम करता रहूं।”

27 अक्टूबर को बांग्लादेश से भिड़ेगा भारत

गत चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर में बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद भारतीय टीम 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, एक नवंबर को मलेशिया और दो नवंबर को दक्षिण कोरिया से खेलेगी।

प्रतियोगिता के सभी लीग मुकाबले 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक जालंधर में होंगे। इसके बाद चार और पांच नवंबर को मोहाली में सेमीफाइनल तथा पदक मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम है। उसने अब तक पांच बार खिताब जीता है। भारत 2011, 2016, 2018 में संयुक्त विजेता के रूप में और 2023 तथा 2024 में चैंपियन बना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags