सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह, एयर इंडिया-इंडिगो की उड़ानें रद्द

युगवार्ता    16-Oct-2026
Total Views |

रियाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से हवाई हमले की आशंका के दौरान शांत रहने, सतर्कता बरतने और घरों के भीतर रहने की अपील की गई है। भारतीय दूतावास ने बताया कि रियाद हवाई अड्डे के बंद होने के कारण एयर इंडिया और इंडिगो ने सऊदी अरब से अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि सऊदी की कुछ विमानन कंपनियों की भारत के लिए सेवाएं जारी हैं।

सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने गुरुवार को भारतीय समुदाय के लिए जारी वीडियो संदेश में कहा कि भारत ने देश में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत सऊदी अरब की जनता और नेतृत्व के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने हमलों में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राजदूत ने बताया कि दूतावास 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के परिवार के संपर्क में है। हमले में घायल हुए 11 भारतीयों के परिजनों और अस्पताल प्रशासन से भी लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एयर इंडिया और इंडिगो ने सऊदी अरब से अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, लेकिन सऊदिया, फ्लाइनास और फ्लाईएडील की भारत के लिए सेवाएं जारी हैं। यात्री आसपास के खाड़ी देशों के रास्ते भी भारत आ-जा सकते हैं। हालांकि, यात्रा से पहले उड़ानों की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags