मैसूरु-मडिकेरी मार्ग पर भीषण हादसे में 4 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल

युगवार्ता    16-Oct-2026
Total Views |
पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। फोटो साभार: एसपी कार्यालय।


मैसूरु, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक के मैसूरु जिले के पिरियापट्टण तालुक के कीरनहल्ली गेट के पास शुक्रवार तड़के एक निजी बस और लॉरी के बीच आमने-सामने की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3.30 बजे हुआ। मैसूरु से मडिकेरी जा रही निजी बस की मडिकेरी की ओर से मैसूरु आ रही लॉरी से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और लॉरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में बस चालक सुनील (26), परिचालक संदेश (25) और बस यात्री अफताब (23) की पहचान हुई है। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे में घायल 20 से अधिक यात्रियों को पिरियापट्टण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात हुई भारी बारिश के कारण पेड़ की एक शाखा सड़क पर गिर गई थी। शाखा से बचने के प्रयास में लॉरी चालक ने वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया, इसी दौरान सामने से आ रही निजी बस से उसकी टक्कर हो गई।

मैसूरु जिला पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बालदंडी ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। इस संबंध में पिरियापट्टण पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Tags