विपक्षी दल लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच का फ़र्क भूल चुके हैं : अनुप्रिया पटेल

युगवार्ता    17-Oct-2026
Total Views |
रायबरेली में अनुप्रिया पटेल का स्वागत करते कार्यकर्ता


रायबरेली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री और अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को रायबरेली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच का फर्क भूल चुके हैं। अनुप्रिया पटेल प्रतापगढ़ में अपना दल (एस) के संस्थापक डॉ. सोने लाल पटेल के 17वें परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।

उन्होंने दिल्ली में विपक्षी दलों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी हार से हताश विपक्ष अराजकता का रास्ता अपना रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीति में जनता का समर्थन हासिल करने के लिए सही दिशा और जनसेवा जरूरी है। उसके पास न तो कोई स्पष्ट नेता है, न नीति और न ही कोई ठोस एजेंडा। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद विपक्ष को अपनी रणनीति पर विचार करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय वह अराजकता का रास्ता अपना रहा है।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि लोगों के दिलों में जगह उपद्रव के जरिए नहीं, बल्कि जनसेवा के माध्यम से बनाई जाती है। राजनीतिक दलों को जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और अपने काम के आधार पर लोगों का विश्वास जीतना चाहिए। दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए उन्होंने विरोध की राजनीति पर सवाल उठाए।

अनुप्रिया पटेल ने एनडीए सरकार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा एनडीए के साथ है और सरकार विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Tags