चोट के कारण त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला से बाहर हुए लिटन दास

युगवार्ता    17-Oct-2026
Total Views |
लिटन दास


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान लिटन दास हिप जॉइंट में चोट के कारण संयुक्त अरब अमीरात में शनिवार से शुरू हुई त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में उपकप्तान तौहीद हृदोय ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में टीम की कप्तानी की।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजीद इस्लाम खान ने टॉस के बाद लिटन की चोट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, “लिटन दास दाएं हिप जॉइंट में परेशानी की शिकायत लेकर हमारे पास आए थे। हमने उनकी एमआरआई जांच कराई, जिसमें समस्या का पता चला। लिटन ने आज फिटनेस टेस्ट देने की कोशिश भी की लेकिन वह निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके। इसलिए वह इस श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं हैं।”

लिटन को जुलाई में बांग्लादेश की वनडे टीम का पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त किया गया था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से वह चोट की समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसी वजह से वह जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भी नहीं जा सके थे।

हाल ही में लिटन ने अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ ड्रॉ हुए एकमात्र टेस्ट मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में 53 और दूसरी पारी में 102 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने आठ कैच भी लपके थे, जिसके लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

बुखार के कारण मेहदी हसन मिराज भी बाहर

बांग्लादेश को त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में एक और झटका लगा। ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज बुखार के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में नहीं खेल सके। टीम के फिजियो बायजीद ने बताया कि मेहदी पिछले तीन दिनों से बुखार से पीड़ित हैं।

सितंबर 2023 के बाद यह पहला मौका है, जब लिटन दास और मेहदी हसन मिराज दोनों बांग्लादेश के किसी वनडे मुकाबले में एक साथ नहीं खेले।

बांग्लादेश की टीम तेज गेंदबाज नाहिद राणा के बिना भी खेल रही है। वह जुलाई के मध्य से साइड स्ट्रेन की चोट के कारण मैदान से बाहर हैं। हालिया जानकारी के अनुसार, वह चिकित्सकीय जांच के लिए पर्थ में थे और इस महीने के अंत तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।

इस त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के अलावा अफगानिस्तान की टीम भी हिस्सा ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags