
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर रविवार को नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एनएसयूटी), द्वारका में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 95वें संस्करण का आयोजन किया गया। ‘फिटनेस के लिए पैडल, स्वस्थ दुनिया के लिए सवारी’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में साइकिलिंग, योग और गरबा जुंबा के जरिए लोगों को फिटनेस, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
भारतीय खेल प्राधिकरण के फिट इंडिया आंदोलन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा केंद्र और भारतीय खाद्य निगम ने सहयोग किया। विश्व खाद्य दिवस हर साल 16 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस वर्ष की वैश्विक थीम है- ‘आज ही नवाचार करें’, जिसका उद्देश्य खाद्य उत्पादन, वितरण और उपभोग को बेहतर बनाने के लिए नए विचारों और समाधानों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में एनएसयूटी के खेल अधिकारी डॉ. प्रवीण सरोहा, फिट इंडिया की एंबेसडर और फिटनेस विशेषज्ञ मनीषा सिंह, फिटनेस प्रशिक्षक एवं स्वास्थ्य प्रभावक उत्सव घोष, दस बार के विश्व रिकॉर्ड धारक और ‘आयरन टीथ मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से मशहूर राकेश सैनी तथा अभिनेता-निर्माता रोहित चौधरी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
एनएसयूटी के कुलपति प्रो. आनंद श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के वाहन मुक्त परिसर को साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त बताया। उन्होंने कहा, “जब विद्यार्थी साइकिल चलाना शुरू करते हैं, तो इससे न केवल वे फिट रहते हैं बल्कि उनकी ऊर्जा का स्तर भी बढ़ सकता है और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता में सुधार हो सकता है। साथ ही, इससे पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता।”
फिट इंडिया की एंबेसडर मनीषा सिंह ने लोगों से अपने समुदाय में फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने और दूसरों के लिए प्रेरणा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने आसपास स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की मिसाल पेश करनी चाहिए, ताकि दूसरे भी इससे प्रेरित हों।
वहीं, राकेश सैनी ने कहा कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल जैसे आयोजन खेल और फिटनेस गतिविधियों के लिए बेहतरीन मंच उपलब्ध कराते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा को अपनी रुचि और प्रतिभा के विकास में लगाना चाहिए। लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं और देश का गौरव बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रवीण सरोहा ने प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं, अपने परिवार और समुदाय को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया।
डॉ. सरोहा ने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां और फिटनेस युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने विभिन्न संस्थानों के साथ जुड़कर अधिक से अधिक युवाओं तक इस पहल का संदेश पहुंचाने के प्रयास को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर पांच किलोमीटर तक साइकिल चलाई। इसके अलावा योग क्षेत्र, मनोरंजक खेल गतिविधियों और फिटनेस विशेषज्ञ नीतू चावला के नेतृत्व में ऊर्जावान गरबा जुंबा सत्र का आयोजन किया गया। फिटस्पायर गेम जोन ने भी प्रतिभागियों को खेल और मनोरंजन के माध्यम से फिटनेस से जुड़ने का अवसर दिया।
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के इस 95वें संस्करण ने नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित पोषण, खाद्य सुरक्षा, जिम्मेदार उपभोग और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। इस पहल का उद्देश्य फिटनेस को लोगों के दैनिक जीवन का सहज और आनंददायक हिस्सा बनाना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे