रेल गांव क्लब और जैदी इंडोर क्लब बी ने दर्ज की जीत

युगवार्ता    18-Oct-2026
Total Views |
खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ का छाया चित्र


सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में रेहान वजाहत ने झटके पांच विकेट, शुभ सोनी ने खेली 45 रन की पारी

प्रयागराज, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सैयद असद कासिम अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मुकाबलों में रेल गांव क्लब और जैदी इंडोर क्लब बी ने जीत दर्ज की। मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मैच में रेल गांव क्लब ने एमआईसी बी को 130 रन से हराया। दूसरे मुकाबले में जैदी इंडोर क्लब बी ने विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल को सात विकेट से पराजित किया।

रेहान वजाहत की घातक गेंदबाजी से जीता रेल गांव क्लब

पहले मुकाबले में रेल गांव क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 198 रन बनाए। मोहम्मद अकसम अली ने 58, शादान अब्बास रिजवी ने 39, हर्षित जी सहाय ने 28, अनंत पाल ने 18 और मोहम्मद अशरफुल हक ने नाबाद 17 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआईसी बी की टीम 17.5 ओवर में 68 रन पर सिमट गई। मोहम्मद हमजा खान ने 19 और अब्दुल रहमान ने 11 रन बनाए। रेल गांव क्लब की ओर से रेहान वजाहत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। आयुष्मान वर्मा और हुजैफा हाद ने दो-दो, जबकि श्लोक चतुर्वेदी ने एक विकेट लिया। रेहान वजाहत को उनके प्रदर्शन के लिए पूर्व क्रिकेटर फय्याज अहमद ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।

जैदी इंडोर क्लब बी ने सात विकेट से जीता मुकाबला

दूसरे मैच में विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल की टीम 17.1 ओवर में 105 रन बनाकर आउट हो गई। रजाउद्दीन ने 20 और अभिषेक अग्रहरि ने 14 रन बनाए। जैदी इंडोर क्लब बी की ओर से शिवांश मिश्रा ने चार विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। आर्यन मिश्रा और पवन ने दो-दो, जबकि अहमद रजा और अर्श अहमद ने एक-एक विकेट लिया।

जवाब में जैदी इंडोर क्लब बी ने 17.2 ओवर में तीन विकेट पर 108 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शुभ सोनी ने 45 और दिव्यांश सिंह ने नाबाद 26 रन बनाए। विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल की ओर से शुभम पाल ने दो और प्रियम सिंह ने एक विकेट लिया। दूसरे मैच में शिवांश मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया उद्घाटन

मैच से पहले अखिल भारतीय हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शाहीन काजमी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रबंधक फरहान उल्लाह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। प्रतियोगिता के मुख्य संरक्षक गौहर काजमी और महासचिव शाहिद अस्करी ने बुके देकर उनका स्वागत किया।

आयोजन सचिव शमशाद अहमद (चंदू) ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि एमआईसी के पूर्व क्रीड़ाध्यक्ष अकील अब्बास रिजवी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर लियाकत अली, शमशेर अली, ओमप्रकाश श्रीवास्तव (राजा बेटा), इम्तियाज करीम, संतोष कुमार यादव, मधु शुक्ला, अख्तरुल इस्लाम, मसूद खान, जावेद हुसैन, आबिद मंजूर, मोहम्मद असलम, हसीन अहमद और अरशद अल्वी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। दोनों मुकाबलों में शिशिर मेहरोत्रा और राहुल सिंह ने अंपायरिंग की, जबकि खुर्शीद अहमद और मोहम्मद नबी ने स्कोरिंग की।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Tags