
इंफाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के इंफाल पूर्वी और कांगपोकपी जिलों की सीमा के पास सोमवार सुबह संदिग्ध हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया। इस घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
यह घटना सोमवार सुबह करीब 9.40 बजे नोंगशुम, खोंगबल थांगखुल इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि पीड़ित पहाड़ी क्षेत्र में लकड़ी इकट्ठा करने गए थे, तभी उन पर हमला किया गया। घायलों को इलाज के लिए इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़कों पर उतरकर हमले और हत्याओं के विरोध में प्रदर्शन किया तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मणिपुर में मई, 2023 में जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से विभिन्न इलाकों में छिटपुट हिंसक घटनाएं सामने आती रही हैं। ताजा हमले ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश