मणिपुर हिंसा पर सीएम युमनाम खेमचंद सख्त, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

युगवार्ता    19-Oct-2026
Total Views |
Manipur CM Reviewing fresh Situation.


इंफाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले के नोंगशुम में हथियारबंद उपद्रवियों द्वारा नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री सचिवालय के कैबिनेट हॉल में आयोजित सुरक्षा समीक्षा बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम, मुख्य सचिव, सुरक्षा सलाहकार, पुलिस महानिदेशक, गृह आयुक्त तथा सेना, असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दाैरान थौबल जिले में रविवार को हुई हिंसा और इंफाल पूर्वी जिले में सोमवार को हुए हमले पर भी चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने हाल की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा उपायों को और सख्त करने का निर्देश दिया, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

इससे पहले युमनाम खेमचंद सिंह ने राज मेडिसिटी अस्पताल का दौरा कर नोंगशुम की घटना में घायल नागरिकों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल के प्रबंध निदेशक और चिकित्सकों से भी बातचीत की तथा घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने घायलों और उनके परिजनों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags