प्रधानमंत्री मोदी ने मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा को एशियाई पैरा खेलों में पदक जीतने पर दी बधाई

युगवार्ता    19-Oct-2026
Total Views |
एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली मोना अग्रवाल


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान के आइची-नागोया में एशियाई पैरा खेल-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर नया खेल रिकॉर्ड बनाने वाली मोना अग्रवाल और रजत पदक विजेता अवनि लेखरा को बधाई दी है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियों से देश गौरवान्वित हुआ है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर प्रधानमंत्री का संदेश साझा करते हुए बताया कि मोना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में 250 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड बनाया। अवनि लेखरा ने इसी स्पर्धा में 249.6 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

मोना की उपलब्धि पर प्रधानमंत्री ने उनकी सटीक निशानेबाजी, दृढ़ संकल्प और धैर्य की सराहना की तथा आगे की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। अवनि को बधाई देते हुए उन्होंने उनकी निरंतरता और दृढ़ संकल्प को सराहनीय बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags