एशियाई पैरा खेल: मोना अग्रवाल को स्वर्ण, अवनि लेखरा ने जीता रजत

युगवार्ता    19-Oct-2026
Total Views |
मोना अग्रवाल


अवनि लेखरा


टोयोटा, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने एशियाई पैरा खेल-2026 में सोमवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत का पदक खाता खोला। मोना ने फाइनल में 250 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अवनि 249.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

मोना ने फाइनल में शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता। एक समय वह पांचवें स्थान पर चल रही थीं, लेकिन उन्होंने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और बाकी निशानेबाजों की चुनौती को पीछे छोड़ दिया। दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने 227.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

मोना ने इस प्रदर्शन के साथ अवनि लेखरा के पिछले एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। अवनि ने हांगझोऊ में पिछले खेलों के दौरान स्वर्ण पदक जीतते हुए 249.6 अंक हासिल किए थे। हालांकि, मोना विश्व रिकॉर्ड से चूक गईं। यह रिकॉर्ड स्लोवाकिया की इरीना श्चेतनिक के नाम 252 अंकों के साथ दर्ज है।

इस पदक के साथ अवनि ने 2028 में होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए कोटा स्थान भी हासिल कर लिया। मोना पिछले महीने ही विश्व चैंपियनशिप के दौरान पैरालंपिक कोटा हासिल कर चुकी थीं।

क्वालीफिकेशन में भी भारतीय निशानेबाजों का दबदबा

इससे पहले क्वालीफिकेशन राउंड में भी मोना और अवनि ने शानदार प्रदर्शन किया था। मोना ने छह सीरीज के बाद 629.1 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया और एशियाई पैरा खेलों का नया क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। मोना विश्व रिकॉर्ड से महज 0.3 अंक दूर रह गई थीं। 629.4 अंकों का विश्व रिकॉर्ड अवनि और स्लोवाकिया की वेरोनिका वादोविचोवा के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है।

अवनि ने क्वालीफिकेशन में 626.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह भारत की दोनों निशानेबाजों ने फाइनल में पहले और दूसरे स्थान से प्रवेश किया और पदक मुकाबले में भी अपना दबदबा कायम रखा।

पेरिस पैरालंपिक में भी पदक जीत चुकी हैं मोना और अवनि

मोना ने पिछले महीने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित विश्व निशानेबाजी पैरा खेल चैंपियनशिप में महिलाओं की आर-2 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में 250 अंक हासिल कर रजत पदक जीता था। इसी प्रतियोगिता में अवनि ने 229.4 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया था। सर्बिया की क्रिस्टिना ट्रिफुनोविच ने 250.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

मोना ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में कांस्य पदक जीता था। वहीं, अवनि पैरालंपिक में तीन पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने तोक्यो पैरालंपिक में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच-1 में कांस्य और 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद पेरिस पैरालंपिक में भी उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags