वाराणसी में स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

युगवार्ता    19-Oct-2026
Total Views |
ट्रक की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो वाहन


वाराणसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित मिर्जामुराद क्षेत्र में रूपापुर ओवरब्रिज पर आज सुबह करीब छह बजे खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे आठ लोगों ने ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो रोकी। सेल्फी लेने के लिए वाहन से बाहर निकलने लगे।तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। एसीपी अजय कुमार के अनुसार मृतकों की पहचान अमन यादव, गोलू, आलोक मिश्रा और एक अन्य के रूप में हुई है। घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार बुरी तरह से घायल है। वही, एक घायल की भी पहचान नहीं हो पाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Tags