
नागोया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष क्वाड्रेंट टीम ने एशियाई खेलों में सेपकटकरॉ का कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत को शुक्रवार को नागोया सिटी मिजुहो पार्क जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल में जापान के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय टीम का कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया था।
भारतीय क्वाड्रेंट में मालेमंगनबा सिंह सोरोखैबम, राम कुमार शर्मा, बॉबी कुमार और आकाश युमनाम शामिल थे, जबकि लोखोन सिंह एलांगबम और टेकोंग अरुण स्थानापन्न खिलाड़ी थे। जापान की टीम में युकी सातो, रयोता हारुहारा, वातरु नारावा और योता इचिकावा शामिल थे। मुकाबला बेहद करीबी रहा। जापान ने पहला गेम 15-12 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी भारत ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन जापानी टीम ने 15-13 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।
यह एशियाई खेलों में भारत का सेपकटकरॉ में तीसरा पदक है। भारत ने इससे पहले 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में पुरुष टीम रेगु स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों में भारतीय महिला टीम रेगु ने कांस्य पदक हासिल किया था।
भारतीय पुरुष क्वाड्रेंट टीम ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया और ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने अपने तीनों मुकाबले जीते। भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में विश्व कप चैंपियन म्यांमार को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके अलावा उसने वियतनाम और लाओस को भी मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
महिला क्वाड्रेंट टीम का अभियान ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया। भारत ग्रुप ए में तीनों मुकाबले हारकर चौथे स्थान पर रहा। महिला डबल्स में भी भारत ग्रुप बी में चौथे स्थान पर रहा और अपने तीनों मुकाबलों में एक भी गेम नहीं जीत सका। पुरुष रेगु टीम भी नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना सकी और एक जीत तथा दो हार के साथ ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर रही।
भारत ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में छह और पदक जीते, जिससे भारतीय दल के कुल पदकों की संख्या 72 हो गई। मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में चीन की बाओ ज़ीई को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
तीरंदाजी में अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम मोहद की महिला रिकर्व टीम ने 10 बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। कुमकुम मोहद और धीरज बोम्मदेवरा ने मिश्रित रिकर्व टीम में रजत पदक हासिल किया, जबकि धीरज, नीरज चौहान और यशदीप भोगे की पुरुष रिकर्व टीम ने भी रजत पदक जीता। नौकायन में नेत्रा कुमानन ने महिला डिंगी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे