टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा से गिरफ्तार 3 आरोपितों को लेकर मुंबई पुलिस रवाना

युगवार्ता    20-Oct-2026
Total Views |
आराेपी


कोटा, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपितों को मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच कोटा से मुंबई रवाना कर दिया गया। मुंबई पुलिस की टीम सुबह आरोपितों को लेकर निकली। सुरक्षा के मद्देनजर आरोपितों को अलग-अलग वाहनों में बिठाया गया, जबकि पुलिस का काफिला उनके साथ रहा। कोटा पुलिस ने भी शहर की सीमा तक काफिले को सुरक्षा प्रदान की।

फायरिंग मामले की जांच के सिलसिले में मुंबई पुलिस पिछले कई घंटों से आरोपितों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को कोटा पुलिस ने ट्रेन में तीनों को पकड़ा, जिसके बाद मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंची। यहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने, आरोपितों की चिकित्सकीय जांच कराने और स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के बाद उन्हें मुंबई ले जाने की तैयारी की गई।

आरोपितों को सोमवार रात मुंबई ले जाने का प्रयास किया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस टीम वापस कोटा लौट आई। इसके बाद तीनों को रेलवे कॉलोनी थाने की हवालात में रखा गया। रातभर थाने के बाहर और परिसर में क्विक रिस्पांस फोर्स (क्यूआरटी) के जवान तैनात रहे। मंगलवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने दोबारा रवाना होने की तैयारी की।

कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा के अनुसार मुंबई पुलिस की टीम सोमवार दोपहर टीम कोटा पहुंची और आरोपितों से पूछताछ की। इसके बाद अदालत में पेशी और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया पूरी की गई। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद मंगलवार सुबह आरोपितों को मुंबई ले जाया गया।

पुलिस काफिले में करीब आधा दर्जन वाहन शामिल थे। सुरक्षा कारणों से आरोपितों के परिवहन के मार्ग का खुलासा नहीं किया गया।

कोटा पुलिस ने फिलहाल शहर की सीमा तक सुरक्षा देने की बात कही है। पुलिस के अनुसार आरोपितों में रेहान और ऋतिक के साथ एक अन्य युवक भी शामिल है। शुरुआती जानकारी में तीसरे आरोपित को नाबालिग बताया गया था। हालांकि, मुंबई पुलिस की कार्रवाई में उसे नाबालिग नहीं माना गया। इस संबंध में उसकी उम्र और कानूनी स्थिति को लेकर संबंधित तथ्यों की पुष्टि जांच के दौरान होगी।

अब मुंबई पुलिस आरोपितों को अपने साथ ले जाकर फायरिंग प्रकरण में आगे की पूछताछ और जांच करेगी। कोटा में गिरफ्तारी से लेकर मुंबई रवानगी तक पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Tags