सीबीआई ने शुरू की झोटा हत्याकांड की जांच, परिजनों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल से लिए नमूने

युगवार्ता    21-Oct-2026
Total Views |

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सीबीआई ने पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। सीबीआई ने मंगलवार रात से ही मानसा में डेरा डाला हुआ है। बुधवार को इस संबंध में सीबीआई ने पंजाब पुलिस से सारा रिकार्ड अपने कब्जे में लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है।

गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मानसा का दौरा करते हुए झोटा के परिजनों से मुलाकात की थी। अमित शाह के पंजाब आने से कुछ घंटे पहले ही राज्य सरकार ने झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपने का ऐलान किया था। गृहमंत्री ने झोटा के परिजनों को आश्वासन दिया था कि बुधवार से सीबीआई जांच शुरू कर देगी। सीबीआई की टीम मंगलवार को देर रात मानसा पहुंची। इसके बाद आज झोटा के परिजनों से मुलाकात करके उनके बयान दर्ज किए।

सीबीआई ने झोटा के परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के संबंध में भी बातचीत की। सीबीआई टीम के साथ बैठक के बाद झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर धरने में शामिल लोगों से पोस्टमॉर्टम को लेकर राय लेने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि एक्शन कमेटी से बात के बाद पोस्टमॉर्टम पर फैसला होगा। उधर, पोस्टमॉर्टम की चर्चा पर निहंगों ने मानसा के सिविल अस्पताल को घेर लिया है। वे झोटा का पोस्टमॉर्टम न कराने पर अड़ गए हैं। झोटा के परिवार व संघर्ष कमेटी का धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी रहा। अभी तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है।

झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि हम अभी अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। 13 अक्टूबर को केमिस्ट अश्विनी कुमार ने परविंदर झोटा की गोली कर हत्या कर दी थी। बुधवार की शाम सीबीआई की टीम ने मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल का दौरा भी किया। टीम ने उस जगह की जांच की, जहां झोटा को गोली मारी गई थी। इसके अलावा जिस जूतों की दुकान पर झोटा पर दोबारा गोलियां चलाने की बात सामने आई थी, वहां भी टीम ने जांच और पूछताछ की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags