तावड़े का सपा पर हमला, बोले- उप्र में दंगा व अराजकता फैलाने वालों का सपना कभी पूरा नहीं होगा

युगवार्ता    22-Oct-2026
Total Views |
विनोद तावड़े (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जेल में बंद आजम खान से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात को लेकर पर उन पर आसन्न चुनाव के मद्देनजर तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंगा और अराजकता फैलाने वालों के सहारे पीडीए का सपना कभी पूरा नहीं होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में कहा कि प्रदेश में चुनाव को देखते हुए अखिलेश यादव का ऐसे नेताओं से जेल में जाकर मिलना, जिन पर अराजकता फैलाने के आरोप हैं, सपा की प्राथमिकताओं को उजागर करता है। उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पिछली सरकार के कार्यकाल को भूली नहीं है।

तावड़े ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत राज्य के कई हिस्सों में दंगों और अराजकता का माहौल रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को याद है कि किस तरह राज्य को दंगों की आग में झोंक दिया गया था।

तावड़े ने अपने बयान में सपा नेता आजम खान का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को गृहमंत्री बनाने का सपना उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते से हटाकर विनाश की ओर ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि ऐसा सपना कभी पूरा नहीं होगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Tags