एनएचएआई ने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और ट्रैफिक जाम कम करने के लिए उठाए बड़े कदम

युगवार्ता    22-Oct-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सर्दियों के मौसम से पहले दिल्ली-एनसीआई में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सख्त कदम उठाए हैं।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण और धूल कम करने के लिए एनएचएआई ने बड़े पैमाने पर संसाधन तैनात किए हैं। इनमें लगभग 60 वॉटर स्प्रिंकलर तथा टैंकर, 14 एंटी-स्मॉग गन, 23 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन (एमआरएसएम), दो ट्रैक्टर-माउंटेड स्वीपर और 900 से अधिक मजदूर शामिल हैं। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 157 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर 13 एमआरएसएम निरंतर कार्यरत हैं।

एनएचएआई के तकनीकी सदस्य आलोक दीपांकर ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा करते हुए फील्ड टीमों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने उपकरणों तथा मैनपावर की सुचारू तैनाती, पानी का नियमित छिड़काव, एंटी-स्मॉग गन का निरंतर संचालन और दैनिक मैकेनिकल स्वीपिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्य़ूएम) की ओर से बनाए गए नियमों के सख्त पालन पर जोर दिया। इसमें निर्माण सामग्री को पूरी तरह ढकना, धूल-मुक्त सड़कों का रखरखाव और लागू ग्रैप चरणों के अनुसार त्वरित कार्रवाई शामिल है। एनएचएआई अधिकारियों को दैनिक गतिविधियों की निगरानी करने और जियो-टैग्ड तस्वीरों के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यावरणीय पहलों के तहत एनएचएआई ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान एनसीआर क्षेत्र में 9.52 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 9.80 लाख पौधे लगाए हैं। इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक पौधे सुरक्षित बचे हैं। इसके अलावा, कचरे के स्थायी उपयोग को बढ़ावा देते हुए दिल्ली की लैंडफिल साइटों से लगभग 13.58 लाख टन इनर्ट मटीरियल का उपयोग यूईआर-II और डीएनडी-सोहना कॉरिडोर के तटबंध बनाने में किया गया है।

समीक्षा बैठक के दौरान दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने वाले प्रमुख डीकंजेशन प्रोजेक्ट की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इनमें यूईआर-II, द्वारका एक्सप्रेसवे, डीएनसडी–सोहना एक्सप्रेसवे और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे शामिल है।

बैठक में प्रस्तावित डीकंजेशन प्रोजेक्ट के तेजी से कार्यान्वयन और 'ग्रीन दिल्ली ऐप' तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से प्राप्त सार्वजनिक शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सर्दियों के दौरान धूल प्रदूषण को कम करने, हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने और दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर यातायात को सुगम व बाधारहित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags