शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

युगवार्ता    22-Oct-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ लाल निशान में हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के भारी दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मंदी हावी हो गई। बाजार में लगातार जारी बिकवाली के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.50 प्रतिशत और निफ्टी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 366.36 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,343.33 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में मंदी का दौर शुरू हो गया। कुछ चुनिंदा आईटी और हैवीवेट शेयरों में आई मामूली तेजी से बाजार को मामूली सहारा मिला, लेकिन बड़े पैमाने पर चौतरफा बिकवाली के कारण सेंसेक्स पर लगातार दबाव बना रहा। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण यह सूचकांक 73,005.11 अंक के निचले स्तर तक गिर गया।

हालांकि बाद में लिवाली शुरू होने पर यह सूचकांक थोड़ा सुधर कर 73,423 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे ये सूचकांक दोबारा लुढ़क गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 367.93 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की मंदी के साथ 73,341.76 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 123.60 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मंदड़ियों ने बिकवाली का चौतरफा दबाव बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक फिसल कर 22,554.85 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। हालांकि शुरुआती कारोबार के दौरान ही कुछ लिवालों ने खरीदारी का मामूली जोर बनाया, जिससे निफ्टी के ऊपरी स्तर में 22,697.55 अंक तक की रिकवरी देखने को मिली।

हालांकि खरीदारी का ये दौर लंबे समय तक टिक नहीं सका। थोड़ी देर बाद ही एक बार फिर बिकवाली का दबाब बन गया, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 148.70 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,662.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,931 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 645 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,286 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से तीन शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 27 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से तीन शेयर हरे निशान में और 47 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारती एयरटेल 0.80 प्रतिशत, इटरनल 0.53 प्रतिशत और इन्फोसिस 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ टॉप गेनर्स की सूची में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, नेस्ले 2.66 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.41 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 2.36 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.18 प्रतिशत और कोल इंडिया 2.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ टॉप लूजर्स के रूप में कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 143.21 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,709.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 77.60 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,811.35 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags