
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी को लेकर कांग्रेस और प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा है। पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली के बीकानेर हाउस को भेजे गए रेहान वाड्रा के ईमेल के जरिए प्रदर्शनी के प्रस्ताव से स्पष्ट होता है कि शुरुआत में प्रदर्शनी की विषयवस्तु में कोई राजनीतिक सामग्री शामिल नहीं थी।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रेहान वाड्रा ने 10 जून 2026 को बीकानेर हाउस को ईमेल कर 20 से 25 अक्टूबर 2026 तक ‘नो आइडिया इज फाइनल’ नामक प्रदर्शनी का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में प्रकृति, वन्यजीव, अमूर्त कला, पोर्ट्रेट, मूर्तिकला और इमर्सिव इंस्टॉलेशन जैसे विषयों का उल्लेख था। उनके अनुसार, बीकानेर हाउस ने 30 जून को ईमेल के माध्यम से इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था।
भंडारी ने दावा किया कि रेहान वाड्रा को प्रदर्शनी से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी थी और वह पिछले तीन वर्षों से इस प्रदर्शनी की योजना पर काम कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में परिवार के दबाव में प्रदर्शनी में राजनीतिक तस्वीरें शामिल की गईं।भंडारी के अनुसार बीकानेर हाउस ने 21 अक्टूबर को ईमेल के माध्यम से इन तस्वीरों को हटाने के लिए कहा था।
बीकानेर हाउस ने कहा था कि प्रदर्शनी में लगाई गई 74 तस्वीरें स्वीकृत विषयों और नीति के अनुरूप नहीं हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी वाड्रा अपने बेटे रेहान की राजनीतिक शुरुआत कराने के लिए इस पूरे मामले को विवाद का रूप दे रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रियंका का राहुल गांधी से राजनीतिक विश्वास उठ गया है।
भंडारी ने राहुल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह वियतनाम से विभिन्न मुद्दों पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, लेकिन उन्होंने अब तक रेहान वाड्रा के समर्थन में खुलकर कोई पोस्ट नहीं की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय