नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना-देवेंद्रनगर के बीच 53 किलोमीटर तथा रीवा-चुरहट के बीच 65 किलोमीटर रेलखंडों का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान देवेंद्रनगर-चुरहट नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इन रेलखंडों के शुरू होने से आजादी के बाद पहली बार सीधी जिला रेल नेटवर्क से जुड़ेगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार कुल 118 किलोमीटर लंबे रेलखंडों का विकास ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के तहत किया गया है। इससे विंध्य क्षेत्र में यात्री परिवहन और माल ढुलाई को गति मिलेगी। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में मध्य प्रदेश में रेल विकास के लिए 15,188 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है। राज्य में करीब 1,18,379 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना से पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे खनिज संपदा से समृद्ध क्षेत्रों को देश के प्रमुख औद्योगिक और परिवहन केंद्रों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड के शुरू होने से सतना, नागौद, देवेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क बेहतर होगा। इससे चूना पत्थर आधारित उद्योगों और सीमेंट संयंत्रों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों, शिक्षा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की संभावना है।
वहीं, 65 किलोमीटर लंबा रीवा-चुरहट रेलखंड रीवा और सीधी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगा। पहाड़ी भूभाग में विकसित इस रेलखंड पर रेलवे पुलों और सुरंगों सहित कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य किए गए हैं। इनमें 3.33 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है। इस मार्ग से चूना पत्थर, सीमेंट, क्लिंकर और अन्य माल के परिवहन को भी भविष्य में लाभ मिलने की उम्मीद है।
देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने के साथ शिक्षा, व्यापार और रोजगार संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
रेलखंडों के विकास से विंध्य क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी सहित कई धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं। बेहतर रेल संपर्क से इन स्थलों तक पहुंचना आसान होगा, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल और परिवहन सेवाओं को लाभ मिल सकता है।
चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा के सांसद जनार्दन मिश्रा और सीधी के सांसद राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं, नागौद रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना के सांसद गणेश सिंह, खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा और नागौद के विधायक नागेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार