पंजाब में 11वें दिन भी नहीं हुआ झोटा का अंतिम संस्कार, सरकार ने परिजनों की 12 मांगें मानी

युगवार्ता    23-Oct-2026
Total Views |

- संघर्ष कमेटी सीएम व डीजीपी के इस्तीफे की मांग पर अड़ी

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के मानसा में मारे गए एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा का 11वें दिन भी अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है।एक्शन कमेटी और एसआईटी की एक अहम बैठक शुक्रवार को हुई, जो कई घंटे तक चली। बैठक में एक्शन कमेटी और परिवार की 14 मांगों में से 12 मांगें मान ली गईं। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी के इस्तीफा देने की मांग को छोडक़र सभी मांगों को पूरा कर दिया गया।

एसआईटी की ओर से एक्शन कमेटी को इन मांगों के संबंध में लिखित पत्र भी सौंपा गया है। एक्शन कमेटी ने सरकार की ओर से मिले लिखित पत्र पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई है। बैठक में पोस्टमॉर्टम करवाने और शव को पीजीआई चंडीगढ़ भेजने पर फैसला लिया जा सकता है।

सीबीआई ने मुख्य आरोपित अश्विनी कुमार को मोहाली में स्थित कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया। उधर, पंजाब फार्मेसी काउंसिल की कार्यकारी कमेटी ने अश्विनी कुमार का फार्मासिस्ट रजिस्ट्रेशन रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद रजिस्ट्रार ने इस संबंध में पत्र जारी किया। आदेश के तहत अश्विनी का नाम पंजीकृत फार्मासिस्टों के आधिकारिक रजिस्टर से हटा दिया गया है।

पंजाब फार्मेसी काउंसिल के रिकॉर्ड के मुताबिक अश्विनी कुमार का रजिस्ट्रेशन नंबर 51464 था। यह 10 जुलाई, 2020 को जारी हुआ था। रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश 20 अक्टूबर से प्रभावी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Tags