एशियन पैरा खेल : संदीप और हेनी ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीते स्वर्ण

युगवार्ता    23-Oct-2026
Total Views |
संदीप (फोटो-भारतीय खेल प्राधिकरण)


भारत को पैरा एथलेटिक्स में दोहरी सफलता

आइची-नागोया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पैरा एशियाई खेल-2026 में भारतीय पैरा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड के साथ दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में विश्व रिकॉर्ड बनाया, जबकि हेनी ने भाला फेंक में नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा अजय कुमार ने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। पैरा टेबल टेनिस में जेहान दोराब मदान और शुभम वाधवा ने भी कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में योगदान दिया।

पुरुषों की 400 मीटर टी44 स्पर्धा में संदीप ने 52.28 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और विश्व रिकॉर्ड बनाया। सऊदी अरब के नूर अलसाना ने 53.13 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। भारत के अजय कुमार ने 53.61 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता। इस तरह भारत ने इस स्पर्धा में दो पदक अपने नाम किए। अजय ने इस प्रदर्शन के साथ खेलों का रिकॉर्ड भी बनाया।

पुरुषों की भाला फेंक एफ37 स्पर्धा में भारत के हेनी ने 60.49 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता और विश्व रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अंतिम प्रयास में किया। हेनी ने 1116 रेटिंग अंक हासिल किए। ईरान के होर्मोज सेइदिकाजपुंजी ने 50.68 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता, जबकि चीन के चेंगजी यू ने 53.66 मीटर भाला फेंककर कांस्य पदक हासिल किया और एशियाई रिकॉर्ड बनाया।

पैरा टेबल टेनिस के पुरुष युगल एमडी-4 वर्ग में भारत के जेहान दोराब मदान और शुभम वाधवा ने कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के जिनचियोल पार्क और क्यूंग-ह्युन किम से 0-3 से हार मिली। कोरियाई जोड़ी ने 14-12, 11-7 और 11-5 से मुकाबला अपने नाम किया। विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी के 50 वर्षीय जेहान मदान पैरा एशियाई खेल-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय दल के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags