एशियन पैरा खेल : सुमित की अगुवाई में भारत का भाला फेंक में क्लीन स्वीप, तीनों पदक भारतीय खिलाड़ियों के नाम

युगवार्ता    23-Oct-2026
Total Views |
सुमित अंतिल (फोटो-पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया फेसबुक)


आइची-नागोया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय पैरा एथलीटों ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों पदकों पर कब्जा जमा लिया। सुमित अंतिल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया, जबकि महेंद्र गुर्जर ने रजत और संदीप संजय सरगर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह भारत ने एफ42-एफ44 और एफ61-एफ64 वर्गों की संयुक्त स्पर्धा में पहले तीनों स्थान हासिल किए।

पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह दूरी हासिल की और 1,112 रजा अंक अर्जित किए। सुमित ने पहले प्रयास में 70.16 मीटर की दूरी तय की थी। इसके बाद तीसरे प्रयास में 69.79 मीटर, चौथे में 69.18 मीटर और छठे में 68.44 मीटर का प्रदर्शन किया। उनका पांचवां प्रयास अमान्य रहा। दूसरे प्रयास में हासिल की गई 72.46 मीटर की दूरी उन्हें शीर्ष स्थान पर बनाए रखने के लिए पर्याप्त रही।

महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता। एफ42 वर्ग में उन्होंने खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया और 1,066 रजा अंक हासिल किए। महेंद्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे प्रयास में आया। उन्होंने पहले प्रयास में 53.72 मीटर और दूसरे में 54.44 मीटर की दूरी हासिल की थी। तीसरे प्रयास में 59.03 मीटर भाला फेंकने के बाद वह अपनी दूरी में सुधार नहीं कर सके, लेकिन उनका रिकॉर्ड प्रदर्शन उन्हें दूसरा स्थान दिलाने में सफल रहा।

संदीप संजय सरगर ने 64.48 मीटर दूर भाला फेंककर कांस्य पदक जीता। एफ44 वर्ग में उन्होंने खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया और 1,006 रजा अंक हासिल किए। संदीप ने पहले प्रयास में 62.38 मीटर और दूसरे में 62.69 मीटर की दूरी हासिल की। तीसरे प्रयास में उन्होंने 64.48 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। चौथे प्रयास में उनकी दूरी 60.72 मीटर और पांचवें में 63.09 मीटर रही, जबकि छठा प्रयास अमान्य रहा।

श्रीलंका के समिथा चौथे स्थान पर

इस स्पर्धा में श्रीलंका के समिथा कोडिथुवाक्कु 64.10 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने चौथे प्रयास में यह दूरी हासिल की और 1,001 रजा अंक अर्जित किए। हालांकि, वह भारतीय खिलाड़ियों के पदक क्रम को तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि सुमित अंतिल ने स्वर्ण पदक बरकरार रखा, जबकि महेंद्र गुर्जर और संदीप संजय सरगर ने अपने-अपने वर्गों में खेलों के नए रिकॉर्ड बनाते हुए रजत और कांस्य पदक जीते। भारत के लिए यह भाला फेंक स्पर्धा में यादगार सफलता रही।

राकेशभाई भट्ट और संदीप ने जीते कांस्य पदक

भारत के पैरा एथलीट राकेशभाई भट्ट और संदीप ने एशियाई पैरा खेल-2026 में एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। राकेशभाई ने पुरुषों की 200 मीटर टी37 दौड़ के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि संदीप ने पुरुषों की 100 मीटर टी44 दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया।

खेलो इंडिया के खिलाड़ी राकेशभाई भट्ट ने पुरुषों की 200 मीटर टी37 स्पर्धा में 25.02 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एशियाई पैरा खेल-2026 में अपना अभियान दो कांस्य पदकों के साथ समाप्त किया। वर्ष 2022 के पिछले संस्करण में इस स्पर्धा में भारत के श्रेयांश ने 25.26 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता था।

वहीं, संदीप ने पुरुषों की 100 मीटर टी44 स्पर्धा के फाइनल में 11.67 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया। इस पदक के साथ संदीप ने प्रतियोगिता में अपना दूसरा पदक जीता। इससे पहले वह विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर चुके हैं। इस तरह उन्होंने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ अपना अभियान समाप्त किया।

वर्ष 2022 के एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों की 100 मीटर टी44 स्पर्धा में भारत के दो खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। तब भारतीय खिलाड़ी 12.34 सेकंड और 12.48 सेकंड के समय के साथ क्रमशः पांचवें और सातवें स्थान पर रहे थे। इस बार संदीप ने कांस्य पदक जीतकर भारत के प्रदर्शन में सुधार किया।

दोनों खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय पैरा एथलेटिक्स दल के पदक अभियान को मजबूती मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags