लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस 25 अक्टूबर से भारत की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर आएंगे

युगवार्ता    24-Oct-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और लिकटेंस्टीन के बीच व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस रविवार से भारत की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि लिकटेंस्टीन की रियासत के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष युवराज एलोइस 25 से 28 अक्टूबर तक भारत में रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी सोफी, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों का एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आएगा।

युवराज एलोइस की वर्ष 2026 में यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए थे। वह इससे पहले 2010 और 2018 में भी भारत की यात्रा कर चुके हैं।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और युवराज एलोइस के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें व्यापार एवं निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

युवराज एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी युवराज एलोइस से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और लिकटेंस्टीन के बीच वर्ष 2025 में भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते के लागू होने के बाद द्विपक्षीय संबंधों को गति मिली है। युवराज एलोइस की यात्रा से दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग को और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

इस यात्रा का उद्देश्य भारत और लिकटेंस्टीन के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और गहरा करना तथा आपसी हित के नए क्षेत्रों में साझेदारी के अवसर तलाशना भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags