
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता प्रभास के प्रशंसकों के लिए उनकी फिल्म 'सालार' के सीक्वल को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। प्रभास और निर्देशक प्रशांत नील ने पुष्टि की है कि 'सालार पार्ट 2 : शौर्यांग पर्व' की शूटिंग जून 2027 में शुरू होगी।
प्रभास के जन्मदिन के मौके पर जारी एक वीडियो में दोनों की मुलाकात की झलक देखने को मिली। वीडियो में प्रभास मजाकिया अंदाज में प्रशांत नील से अपने जन्मदिन के तोहफे के बारे में पूछते हैं। इस पर निर्देशक कहते हैं कि फिल्म का सीक्वल ही उनके लिए तोहफा है। इस बातचीत के दौरान दोनों ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी साझा की, जिससे प्रशंसकों का उत्साह बढ़ गया है।
होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी 'सालार पार्ट 1 : सीजफायर' वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म में प्रभास ने मुख्य भूमिका निभाई थी। खानसार की काल्पनिक दुनिया पर आधारित फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। अब इसके दूसरे भाग को पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी चल रही है। हाल ही में प्रशांत नील ने निर्माता विजय किरागंदूर से मुलाकात कर फिल्म के प्री-प्रोडक्शन और आगे की योजनाओं पर चर्चा की। निर्माताओं का लक्ष्य फिल्म के एक्शन दृश्यों और कहानी की दुनिया को बड़े स्तर पर पेश करना है।
'सालार 2' को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है। पहली फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल से भी काफी उम्मीदें हैं। होम्बले फिल्म्स इससे पहले 'केजीएफ' और 'कांतारा' जैसी फिल्मों के जरिए देशभर में पहचान बना चुका है। 'सालार' की लोकप्रियता सिनेमाघरों के साथ डिजिटल मंच पर भी देखने को मिली। अब जून 2027 में शूटिंग शुरू होने की पुष्टि के बाद प्रशंसकों को फिल्म से जुड़ी अगली जानकारियों का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे